बलरामपुर में बढ़ा बिजली संकट, लो वोल्टेज और कटौती से लोग परेशान

भीषण गर्मी के बीच लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति से नगरवासियों का जनजीवन बेहाल हो गया है। बार-बार बिजली गुल होने और लो-वोल्टेज की समस्या से लोग रातभर परेशान रहे। सबसे अधिक परेशानी कलश चौराहा के करीब एक हजार की आबादी को उठानी पड़ रही है। यहां पिछले दो दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

गुरुवार रात लोगों को महज दो से तीन घंटे ही बिजली मिल सकी। इसके बाद पूरी रात आपूर्ति बाधित रही। मोहर्रम के दिन सुबह से ही बिजली गुल रही। लोगों को उम्मीद थी कि जुलूस समाप्त होने के बाद आपूर्ति सामान्य हो जाएगी, लेकिन रात करीब एक बजे बिजली आई भी तो केवल एक फेस में। पूरवा, नई बाजार, सब्जी मंडी और कलश चौराहा क्षेत्र पूरी रात एक फेस की आपूर्ति से जूझते रहे।

वहीं पुरानी बाजार और लाल चौराहा के कई मुहल्लों में लो-वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर व अन्य विद्युत उपकरण नहीं चल सके। स्थानीय निवासी शुकदेव चौरसिया, रूपचंद गुप्त और अमित कसौधन ने बताया कि पहले इतनी भीषण बिजली समस्या कभी नहीं होती थी, लेकिन इस समय विभागीय उदासीनता के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

उनका कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली ही लोगों का एकमात्र सहारा है, लेकिन लगातार फाल्ट और कम वोल्टेज ने स्थिति बदतर कर दी है। अवर अभियंता धर्मात्मा ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है। इससे ट्रांसफार्मर और केबल ओवरलोड होकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।

पूरवा क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृत मिल गई है। एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू होगा। नया ट्रांसफार्मर लगने से क्षेत्र में लो वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार फाल्ट की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *