BSEB क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता: दिमाग दौड़ाओ और हजारों का इनाम पाओ, 9वीं से 12वीं के छात्र ऐसे करें आवेदन

 बिहार विद्यालय परीक्षा समिति राज्य के सरकारी और संबद्ध स्कूलों के कक्षा नौवीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए बीएसईबी क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता 2026 का आयोजन कर रही है। परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थी निशुल्क रजिस्ट्रेशन 25 जून से पांच जुलाई तक कर सकते हैं।

रजिस्ट्रेशन समिति के बीएसईबी क्रॉसवर्ड एप और b3c.biharboardonline.com के माध्यम से कर सकते हैं। प्रतियोगिता का मकसद छात्रों की बौद्धिक क्षमता, अंग्रेजी शब्दावली, तार्किक और विश्लेषणात्मक क्षमता के साथ-साथ स्मरण शक्ति और आत्मबल बढ़ाना है।

प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन अभ्यास सत्र छह से नौ जुलाई तक किया जाएगा। प्रतियोगिता जिला और राज्य दो स्तरों पर होगी। जिला स्तर पर ऑनलाइन क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता 10 से 26 जुलाई के बीच होगी।

निर्धारित अवधि में प्रत्येक तिथि को शाम चार बजे एप और वेबसाइट के माध्यम से विद्यार्थियों को एक क्रॉसवर्ड पजल हल करने के लिए दी जाएगी।

इस पहेली को सबसे कम समय में एवं सही हल करने पर विद्यार्थी को अधिकतम अंक प्राप्त होंगे। इसके बाद सही जवाब देने वाले विद्यार्थी को घटते क्रम में अंक प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक जिले में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

जिला स्तर पर प्रथम स्थान लाने वालों को मिलेंगे आठ हजार रुपये

जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को आठ हजार रुपये व अन्य पुरस्कार दिए जाएंगे। वहीं, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले को छह हजार रुपये व अन्य पुरस्कार और तीसरा स्थान प्राप्त करने वालों को चार हजार रुपये व अन्य पुरस्कार दिए जाएंगे।

जिला स्तर पर चयनित प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 27 और 28 जुलाई को पुरस्कृत किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम दो स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की एक टीम होगी। यह टीम अपने जिले का प्रतिनिधित्व राज्य स्तर पर आफलाइन मोड में आयोजित होने वाले प्रतियोगिता में करेगी।

राज्य स्तर पर 30 जुलाई को होगी प्रतियोगिता

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन परीक्षा समिति मुख्यालय में 30 जुलाई को होगा। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 38 टीम शामिल होंगी। प्रत्येक टीम में दो सदस्य प्रत्येक जिले से शामिल होंगे। प्रतियोगिता दो चरणों में होगी। अंतिम चरण में प्रथम चार स्थान प्राप्त करने वाली टीम के प्रत्येक सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा।

इसमें प्रथम स्थान पाने वाले को टीम को को प्रति विद्यार्थी 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान को आठ हजार और तृतीय स्थान वालों को छह हजार रुपये और चौथे स्थान प्राप्त करने वाले प्रति व्यक्ति को चार हजार रुपये के साथ ही क्रॉसवर्ड पुस्तक की एक सेट भी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *