एक साल पहले युवती से दोस्ती करने वाले युवक ने शादी तय होने पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपित युवक, जिसका नाम विलास राज है, पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था।
जब युवती ने रकम देने से इनकार किया, तो उसने एआइ से तैयार किया गया अश्लील वीडियो फेसबुक पर युवती के मंगेतर को भेज दिया। इस घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया।
युवती सदर बाजार थाना क्षेत्र की निवासी है। वह नोएडा में पढ़ रही थी। एक साल पहले उसकी मुलाकात विलास राज से हुई, जिसने उसके साथ दोस्ती की। युवती की शादी तय होने के बाद, विलास ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।उसने युवती को बताया कि उसने उसकी एआइ तकनीक से अश्लील वीडियो बना ली है और पांच लाख रुपये की मांग की। युवती ने एक लाख रुपये देकर मामले को टालने की कोशिश की, लेकिन विलास ने चार लाख की और मांग की।
जब युवती ने रकम नहीं दी तो आरोपित ने वीडियो को उसके मंगेतर के फेसबुक मैसेंजर पर भेज दिया। युवती ने सदर बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि पुलिस ने विलास राज को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
घर से निकलने पर किशोरी का रास्ता रोकने वाले किशोर पर मुकदमा
मेरठ : परतापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी घर से सामान लेने के लिए बाजार जा रही थी। साथ पढ़ाई करने वाले किशोर ने उसका रास्ता रोक कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। किशोरी ने इसका विरोध किया। साथ ही परिवार के लोगों को मामले की जानकारी दी। दोनों की बिरादरी अलग है।
किशोरी के परिवार की तरफ से पुलिस ने तत्काल ही मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ अजय शुक्ला ने बताया कि आरोपित किशोर की तलाश की जा रही है। फिलहाल किशोर घर से रिश्तेदारी में चला गया है। किशोरी का आरोप है कि पहले भी स्कूल जाते समय किशोर कई बार टिप्पणी कर चुका है।


