पलवल के हसनपुर में गहराया पेयजल संकट, एक महीने से पानी को तरस रहे हाथीमान मोहल्ले के लोग

1837 Shares

 सरकार द्वारा चलाई जा रही हर घर स्वच्छ जल योजना विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते धरातल पर पूरी तरह खोखली साबित हो रही है। कहीं लोगों को दूषित पानी मिल रहा है, तो कहीं लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।

ऐसा ही हाल हसनपुर के हाथीमान मोहल्ले के वार्ड नंबर 9 और 10 का है, जहां पिछले एक महीने से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। हालात यह हैं कि स्थानीय लोगों को या तो दूरदराज से पानी ढोना पड़ रहा है या फिर पैसे देकर पानी मोल खरीदना पड़ रहा है।

तीन बूस्टर होने के बावजूद पानी को तरसे लोग

जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र में पेयजल सुचारू करने के लिए तीन बूस्टर लगाए गए हैं, इसके बावजूद इस मोहल्ले में आए दिन पानी की किल्लत बनी रहती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पाइपलाइन जाम होने के कारण उनके मोहल्ले तक पानी पहुंच ही नहीं पाता है। इस समस्या की शिकायत वे कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

90 से 100 परिवार प्रभावित, खारे पानी से बढ़ी मुसीबत

हाथीमान मोहल्ले के लगभग 90 से 100 घर इस विकट पेयजल संकट की चपेट में हैं। लोगों का कहना है कि मोहल्ले में आने वाली वाटर सप्लाई का पानी ही मीठा और पीने योग्य है, जबकि आसपास के नलकूपों और समरसिबल का पानी पूरी तरह खारा है। खारे पानी का इस्तेमाल केवल घरेलू कामकाज में ही किया जा सकता है, पीने के लिए मीठे पानी की तलाश में लोगों को दूर-दराज के इलाकों की दौड़ लगानी पड़ रही है।

वर्षा में और बढ़ जाती है परेशानी

वर्षा के मौसम में यह समस्या और भी ज्यादा गंभीर हो जाती है। महिलाओं को वर्षा के इस मौसम में भी भीगते हुए दूर-दराज से पीने का पानी भरकर लाने को मजबूर होना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जन स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से जल्द से जल्द पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने की पुरजोर मांग की है।

मोहल्ले में एक महीना से टंकियों में पीने का पानी नहीं आ रहा जिसके कारण बहुत परेशानी झेलनी पड़ रही है, पानी दूरदराज से भरकर लाना पड़ रहा है। – फूलवती, गृहणी

मोहल्ले में ज्यादातर लोग मजदूरी करते हैं, जिन्हें सुबह जल्दी काम पर जाना होता है, घरों में पानी नहीं आने के कारण पूरा दिन पानी लाने में ही निकल जाता है। – कमलेश कुमारी, गृहणी

सुबह बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करना जैसे घर में बहुत काम रहते हैं, घरों में पानी नहीं आने के कारण पानी के लिए भटकना पड़ता है, जिसके कारण पूरे दिन की दिनचर्या खराब हो जाती है। – गीता, गृहणी

मोहल्ले के लोगों ने पानी की समस्या को विभागीय अधिकारियों के अलावा विधायक के समक्ष भी उठाया जा चुका है, परंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही। मोहल्ले में एक महीने से ज्यादा समय से पानी की किल्लत बनी हुई है। – प्रदीप कुमार, स्थानीय निवासी

हसनपुर में हाथीमान मोहल्ले में पानी की समस्या है तो वहां पर विभागीय कर्मचारियों को भेजकर पानी की समस्या के कारणों का पता लगाकर जल्द समाधान करवाया दिया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों को पीने के पानी की समस्या न हो। – सुरेन्द्र,एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *