फर्जी वीडियो को लेकर CM भगवंत मान ने किया पलटवार, बोले- धर्म की राजनीति करने वालों को जनता देगी जवाब

8.8kViews
1508 Shares

 पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री अकाल तख्त साहिब से जुड़े विवाद और उनके नाम से वायरल की जा रही कथित फर्जी वीडियो को लेकर विरोधियों पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पहली बार इतिहास में ऐसा हुआ कि विधानसभा को आनंदपुर साहिब ले जाकर गुरु चरणों में नतमस्तक किया गया और विशेष सत्र आयोजित किया गया।

भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने आनंदपुर साहिब, श्री ननकाना साहिब और श्री अमृतसर साहिब जैसे पवित्र शहरों को पवित्र शहरों का दर्जा देने का काम किया, जो पहले कोई सरकार नहीं कर पाई। इसके बाद बेअदबी के मामलों में सख्त कानून बनाया गया, क्योंकि पहले कानून कमजोर था और कई मामलों में आरोपितो को थानों से ही जमानत मिल जाती थी या वे बरी हो जाते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून बनने के बाद लोगों से उन्हें लगातार प्रतिक्रिया मिल रही है। लोग उनसे मिलकर कहते हैं कि इस कानून से उनके घरों और दिलों को शांति मिली है। उन्होंने कहा, ‘मैं यह नहीं कहता कि मैंने यह काम किया है, यह मुझे गुरु साहिब की सेवा के लिए मिला अवसर है।’

उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके नाम से एक फर्जी वीडियो वायरल की गई, जिसमें उनका कोई संबंध नहीं है और उसी वीडियो के आधार पर उन्हें पंथ विरोधी साबित करने की कोशिश की जा रही है।

भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक से भी कहा है कि इस वीडियो को बनाने वालों, शूटिंग करवाने वालों और इसे फैलाने वालों का पता लगाया जाए। उन्होंने मांग की कि चाहे यह वीडियो दुनिया के किसी भी कोने में बनाया गया हो, इसमें शामिल लोगों को सामने लाकर संगत के सामने सच्चाई रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी को मानने वाली संगत सर्वोच्च है और उनका सिर संगत के सामने झुकता है। उन्होंने कहा कि फैसले जनता और संगत की भावनाओं को ध्यान में रखकर होने चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले श्री अकाल तख्त साहिब से जुड़े इतिहास और घटनाओं को लेकर सवालों के घेरे में रहे हैं, आज वही लोग धर्म के मुद्दों पर राजनीति कर रहे हैं।

भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार का ध्यान सभी धर्मों के सम्मान और लोगों की सेवा पर है। उन्होंने कहा कि पंजाब में सड़कें, अस्पताल, मोहल्ला क्लीनिक, स्कूल और रोजगार जैसे काम हो रहे हैं, जिससे लोगों का विश्वास सरकार में बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि विरोधी चाहे जितनी भी राजनीतिक ताकतें एकत्र कर लें, जब जनता साथ खड़ी होती है तो सच्चाई की जीत होती है। उन्होंने संगत से अपील की कि धर्म को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करने वालों से सावधान रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *