खगड़िया में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और मरीन ड्राइव की डिमांड, CM सम्राट से मिले MLA बबलू मंडल

 खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं दीर्घकालिक विकास को लेकर सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को 18 सूत्री मांग पत्र सौंपा है। सदर विधायक ने कहा है कि पिछले दो दशकों में एनडीए सरकार के नेतृत्व में खगड़िया में विकास की नई धारा बही है और यदि इन योजनाओं को स्वीकृति मिल जाती है, तो खगड़िया विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकेगा।

सदर विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, कृषि, पर्यटन, सड़क, पुल निर्माण और शहरी विकास से जुड़ी महत्वाकांक्षी योजनाओं को शामिल किया है।

उन्होंने कहा है कि खगड़िया की भौगोलिक स्थिति और यहां की जनसंख्या को देखते हुए इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन बेहद आवश्यक है। विधायक ने खगड़िया में स्वीकृत मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की है।

इसके अलावा कृषि एवं पशुपालन प्रधान जिले की जरूरतों को देखते हुए मेडिकल वेटनरी कॉलेज की स्थापना की मांग भी रखी गई है। मालूम हो कि खगड़िया की आर्थिकी का मजबूत आधार कृषि और पशुपालन ही है और यहां पशु चिकित्सा की समुचित व्यवस्था नहीं है।

पशुपालन को मिलेगा बल

मेडिकल वेटनरी कॉलेज खुलने से पशुपालन को बल मिलेगा। और पशुपालन के क्षेत्र में मजबूती आएगी। उन्होंने जिला मुख्यालय में एग्रीकल्चर कॉलेज खोलने का भी प्रस्ताव दिया, ताकि किसानों के बच्चों को कृषि शिक्षा का बेहतर अवसर मिल सके और आधुनिक खेती को बढ़ावा मिले।

विधायक ने मुख्यमंत्री का ध्यान कोसी कॉलेज के अधूरे महिला छात्रावास की ओर भी दिलाया। और निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की।

साथ ही खगड़िया और मानसी में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी पर्पस स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन पर्याप्त आधारभूत संरचना के अभाव में खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते।

ऐसे में आधुनिक स्टेडियम और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा। पत्र में मानसी नगर क्षेत्र के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और स्टार्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम की स्वीकृति की मांग की गई है।

इसके अलावा बूढ़ी गंडक बस स्टैंड से समस्तीपुर सीमा तक मरीन ड्राइव की तर्ज पर सड़क निर्माण का भी प्रस्ताव रखा गया है, जो पर्यटन और यातायात दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विधायक बबलू कुमार मंडल ने बताया कि उनकी मांगों पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *