मायावती ने पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सतवीर नागर को किया निष्कासित, पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई

आगामी लोकसभा चुनाव की सरगर्मी तेज होने से पहले ही बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने गौतमबुद्ध नगर में बड़़ी कार्रवाई कर संगठन में पदाधिकारियों को सख्त संदेश दिया गया है। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सतवीर नागर को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष की ओर से उन्हें पहले भी लगातार अनुशासनहीनता बरतने पर सख्त हिदायत दी गई थी।

जिलाध्यक्ष लखमी सिंह ने बताया कि पूर्व प्रत्याशी सतवीर नागर को पार्टी सुप्रीमो के निर्देश पर निष्कासित किया गया है। वह लंबे समय से बसपा विरोधी गतिविधियों में लिप्त चल रहे थे। अनुशासनहीनता के मामले में कई बार उन्हें कड़ी चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन उनके व्यवहार और पार्टी के प्रति निष्ठा एवं ईमानदारी में कोई बदलाव नहीं हुआ।

गौतमबुद्ध नगर से उतरे थे मैदान में

पिछले दिनों आगामी चुनाव को लेकर हुई बैठक में भी इनकी कोई सहभागिता नहीं देखी गई। इस मामले में जब उनसे बात की गई तो उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि पार्टी नेतृत्व से वार्ता चल रही है। कुछ समय बाद स्थिति स्पष्ट होने पर जवाब दे पाएंगे। बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में ग्रेटर नोएडा के निवासी सतवीर नागर को बसपा ने गौतमबुद्ध नगर सीट से मैदान में उतारा था।

पार्टी के जनाधार और शीर्ष नेतृत्व की रणनीति के प्रभाव से वह दूसरे पायदान पर रहे थे। इससे पहले 2019 में उन्हें बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी समसुद्दीन राइन ने ग्रेटर नोएडा की बैठक में ही लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी घोषित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *