उत्तराखंड के नैनीताल में बड़ा हादसा, खाई में गिरी कार; यूपी के पांच लोगों की मौत

2.6kViews
1603 Shares

 उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार को भीषण हादसा हो गया। यहां भवालीगांव बाईपास पर एक कार खाई में गिर गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। कार यूपी की है। रेस्क्यू अभियान जारी है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार को दोपहर करीब 2:15 बजे सेनेटोरियम- रातीघाट बायपास रोड, भवाली स्थित ढैला गांव से 500 मीटर पहले एक महिंद्रा कार (वाहन संख्या यूपी 32 क्यूयू 1874) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे।

एक बच्चे सहित दो पुरुष और दो महिलाओं की मौत

स्थानीय पुलिस एसडीआरएफ तथा स्थानीय नागरिकों द्वारा संयुक्त रूप से राहत व बचाव अभियान चलाया गया। हादसे में एक बच्चे सहित दो पुरुष और दो महिलाओं की मौत हुई है।

पुलिस एवं एसडीआरएफ, एसएसबी टीम द्वारा सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य निरंतर जारी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

मृतकों के नाम

  • भूपेंद्र सिंह चुफाल निवासी खटीमा उम्र-48 वर्ष
  • सीमा कैड़ा चुफाल पत्नी भूपेंद्र सिंह चुफाल उम्र-45 वर्ष
  • वासु चुफाल पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल उम्र- 19 वर्ष
  • रवी पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल उम्र- 12 वर्ष
  • चालक अनुज कुमार मिश्रा पुत्र दया सागर मिश्रा निवासी अफसर नगर एलपीजी गोदाम आलम नगर लखनऊ उम्र 34

सीएम धामी ने दुख जताया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा- ‘नैनीताल में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन व एसडीआरएफ द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *