प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पक्के घर का सपना देख रहे तीन हजार से अधिक परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। मानसूनी बारिश से पहले पात्र होने के बाद ही योजना का लाभ मिलेगा। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के दूसरे चरण में 3,500 पात्रों का सत्यापन कर बजट की मांग की गई थी।
लाभार्थियों के लिए बजट स्वीकृत हुआ है। तीनों नगरपालिकाओं एवं चारों नगरपंचायतों के 500 लाभार्थियों के बैंक खाते में योजना की पहली किस्त पहुंच गई है। पहली जनवरी से 30 नवंबर 2025 तक नगरपालिका अकबरपुर, जलालपुर, टांडा व नगरपंचायत किछौछा, इल्तिफातगंज, जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर में पक्का घर पाने के लिए 27 हजार 800 ने आवेदन किया था।
योजना का किसे मिल रहा लाभ?
तहसील प्रशासन और डूडा द्वारा आवास सत्यापन कर तीन हजार पात्रों की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर निदेशालय, लखनऊ भेजी गई थी। डूडा से यह योजना शहरी गरीबों, कमजोर वर्गों एवं आवासहीनों को पक्का घर देते हुए उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए चल रही है।
लाभार्थियों से आवास निर्माण गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने व धनराशि का सदुपयोग करने को कहा गया है। प्रथम, द्वितीय और तृतीय किस्त प्राप्त होने के 12 माह के भीतर आवास निर्माण पूरा करने वाले लाभार्थियों को सरकार की तरफ से प्रोत्साहन में 10 हजार रुपये की अतिरिक्त धनराशि मिलेगी।


