‘बहुत हिंदू बनता है, तिलक लगाता है…’ यूपी में दरोगा की खुदकुशी मामले में इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप, FIR दर्ज

 शहर की मधुवन कालोनी में चार जून को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले दारोगा मेघश्याम गौतम की आत्महत्या के मामले में भाई की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में न्यायालय सुरक्षा प्रभारी रहे इंस्पेक्टर शाहिद अली के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, धमकाने और अपमानित करने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जिला मथुरा के पूजा इनक्लेव कृष्णानगर निवासी रामेश्वर प्रसाद ने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनके भाई मेघश्याम गौतम कचहरी सुरक्षा में तैनात थे और मधुवन कालोनी स्थित किराए के मकान में रहते थे।

चार जून की सुबह उनके भाई रामेश्वर प्रसाद को सूचना मिली कि मेघश्याम के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है और काफी देर तक नहीं खुल रहा है। सूचना पर स्वजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे तो मेघश्याम का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।

घटना के बाद परिवार ने न्यायालय सुरक्षा प्रभारी शाहिद अली पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे। आरोपों के आधार पर एसएसपी ने शाहिद अली को लाइन हाजिर कर दिया था। रामेश्वर प्रसाद ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि शाहिद अली ड्यूटी के दौरान उनके भाई को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

वह गलत तरीके से ड्यूटी लगाते, गाली-गलौज करते और जान से मारने की धमकी देते थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इंस्पेक्टर शाहिद अली धार्मिक टिप्पणियां करते हुए मेघश्याम को अपमानित करते थे। वह कथित तौर पर कहते थे कि बहुत हिंदू बनता है, तिलक-टीका लगाता है, पाखंड करता है और हिंदू धर्म के प्रति भी आपत्तिजनक बातें करते थे।

स्वजन का आरोप है कि शाहिद अली ने उन्हें एक अन्य मामले में झूठा फंसाने की धमकी भी दी थी। साथ ही छुट्टी देने में भेदभाव किया जाता था। रामेश्वर प्रसाद का कहना है कि लगातार मानसिक उत्पीड़न के चलते ही उनके भाई ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के पहुंचने से पहले शव को कमरे से हटाया गया, जिससे घटनास्थल की वास्तविक स्थिति प्रभावित हुई।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *