सिंगरौली में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत, गिट्टी और मिट्टी परिवहन में 4 वाहन जब्त

2.3kViews
1297 Shares

सिंगरौली। कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल एवं सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया के नेतृत्व में 9 जून 2026 को प्रातःकालीन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान खनिजों का वैध अभिवहन पास प्रस्तुत न कर पाने तथा अवैध रूप से खनिज परिवहन करते पाए जाने पर कुल चार वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों में रेत का अवैध परिवहन करते हुए बिना नंबर के दो ट्रैक्टर-ट्रॉली, गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए हाइवा क्रमांक MP66H2264 शामिल है।

खनिज विभाग की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए जब्त वाहनों को पुलिस चौकी बंधौरा, पुलिस थाना माडा तथा पुलिस थाना कोतवाली वैढ़न में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि संबंधित वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *