आईपीएल 2026 का खिताब भले ही आरसीबी ने जीटी को हराकर जीता हो, लेकिन ये 19वां सीजन वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन के लिए याद किया जाएगा। वैभव ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप समेत कई बड़े अवॉर्ड्स जीते थे और आईपीएल 2026 फाइनल में भी वह हर तरफ छाए हुए थे।
फाइनल मैच के बाद विराट कोहली को वैभव सूर्यवंशी के पास जाकर कुछ बातचीत करते हुए कैमरे में कैद किया गया था। अब कोहली से मिली सीख पर वैभव ने खुलकर बात की है। उन्होंने किंग कोहली से बात करने को एक सपना सच होने जैसा बताया।
Vaibhav Suryavanshi का कोहली से बात कर सपना हुआ पूरा
वैभव सूर्यवंशी के लिए आईपीएल 2026 कमाल का रहा, जहां उन्होंने अनुभवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 237.31 के स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन बनाए। इस बेमिसाल प्रदर्शन की बदौलत सूर्यवंशी को पहली बार सीनियर भारतीय नेशनल टीम में भी शामिल किया गया है और वह आयरलैंड-इंग्लैंड के आगामी दौरों के लिए उड़ान भरेंगे। इस बीच 15 साल के वैभव ने आईपीएल 2026 फाइनल मैच के बाद विराट कोहली के साथ हुई अपनी बातचीत के बारे में बातचीत पर खुलकर बात की।
राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर के साथ एक इंटरव्यू में सूर्यवंशी ने कहा,
“मैं पहले से ही आरसीबी का फैन था। असल में, मैं विराट कोहली का बहुत बड़ा फैन था। जब विराट भैया ने इस तरह मेरे कंधे पर हाथ रखा और मुझसे बात कर रहे थे, तो सचमुच ऐसा लगा जैसे कोई सपना सच हो गया हो।”
उन्होंने आगे कहा:
“जिस तरह से उन्होंने बात की, ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वह ‘विराट कोहली’ हैं। वह मुझसे एक बड़े भाई की तरह बात कर रहे थे, जिस तरह से उन्होंने चीजें समझाईं और मुझे बातें बताईं। उन्होंने मुझे बताया कि मुझे आगे क्या करना है और मेरा ध्यान किस चीज़ पर होना चाहिए।” ये वीडियो आरआर ने अपने एक्स पर शेयर की हैं।
कोहली ने सूर्यवंशी से क्या कहा था?
इससे पहले, आरसीबी के आधिकारिक हैंडल से शेयर किए गए एक वीडियो में कोहली और सूर्यवंशी के बीच हुई बातचीत का खुलासा हुआ था। इस दौरान सीनियर खिलाड़ी को युवा बैटर को अपना अच्छा काम जारी रखने और लगातार आगे बढ़ने की सलाह दी थी। कोहली ने सूर्यवंशी से कहा था:
“तुम्हें यहां से और भी आगे जाना है। तुमने जो कुछ भी हासिल किया है, वह अपनी कड़ी मेहनत और खुद पर भरोसे की बदौलत किया है। इस बात पर बिल्कुल ध्यान मत दो कि कौन क्या कह रहा है या कैसे कह रहा है। एक बिहारी, सब पे भारी।”
वैभव ने जीते 5 अवॉर्ड्स
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के ओपनर वैभव ने टूर्नामेंट के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। सूर्यवंशी ने इस टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए कुल पांच अवॉर्ड जीते थे, जिसमें ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) और सुपर स्ट्राइकर का अवॉर्ड शामिल है।


