GIC Lecturer Exam: मेरठ के 40 केंद्रों पर 18 हजार अभ्यर्थी, जिले के अर्थशास्त्र के अभ्यर्थियों का केंद्र 650 किमी दूर

 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आगामी 14 जून को राजकीय इंटर कालेजों में प्रवक्ता (पुरुष एवं महिला) प्रारंभिक परीक्षा-225 होगी।

परीक्षा में शामिल हो रहे 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को श्रुतलेखक की सुविधा मिलेगी। वहीं, परीक्षा में गलत उत्तर देने पर एक तिहाई अंकों की कटौती भी होगी। जिले में बनाए गए 40 केंद्रों पर 18 हजार अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।

आयोग ने (जीआइसी प्रवक्ता) की परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा कुल 13 विषयों में होगी। इनमें हिंदी, संस्कृत, इतिहास भूगोल, अर्थशास्त्र, भौतिकी, उर्दू, गणित, समाजशास्त्र, जीव-विज्ञान, अंग्रेजी, नागरिक शास्त्र व रसायन विज्ञान विषय शामिल है।परीक्षा 14 जून को सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक एक ही पाली में होगी।

आयोग ने परीक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल होने जा रहे दिव्यांग अभ्यर्थी जो 40 प्रतिशत या उससे अधिक की दिव्यांगता से ग्रस्त हैं। वे अभ्यर्थी श्रुतलेखक अपने साथ लाएंगे। उनको कोई यात्रा भत्ता आयोग की ओर से नहीं दिया जाएगा।

जिन अभ्यर्थियों ने श्रुत लेखक एवं अतिरिक्त समय की मांग की है। अथवा जिन्होंने केवल अतिरिक्त समय की मांग की है, उन्हें भी उनके मांगे जाने पर अतिरिक्त समय 20 मिनट/प्रति घंटे दिया जाएगा।

परीक्षा में आएंगे वस्तुनिष्ठ सवाल

परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रश्न आएंगे। प्रत्येक प्रश्न के चार वैकल्पिक उत्तर होंगे। अभ्यर्थी द्वारा प्रत्येक प्रश्न के लिए अंक भी निर्धारित किए गए हैं। गलत उत्तर देने पर एक तिहाई अंक की कटौती की जाएगी। यदि अभ्यर्थी कोई सवाल हल नहीं करते हैं तो उसके लिए कोई दंड नहीं दिया जाएगा। परीक्षा के लिए सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र को साथ लेकर आएंगे।

अन्यथा परीक्षा में बैठने से रोका जा सकता है। सभी अभ्यर्थी केंद्र पर दो फोटो व आइडी प्रूफ की मूल प्रति व एक छायाप्रति लेकर आएंगे। परीक्षा में अभ्यर्थी काली इंक के बाल प्वाइंट पेन के अतिरिक्त किसी इंक का प्रयोग नहीं करेंगे। वहीं, अभ्यर्थी अपने पीने के लिए पानी की पारदर्शी बोतल साथ रख सकते हैं।

अर्थशास्त्र के अभ्यर्थियों का केंद्र प्रयागराज
परीक्षा के लिए मेरठ के अर्थशास्त्र विषय के अभ्यर्थियों का केंद्र 650 किमी दूर प्रयागराज बनाया गया है। इससे उन्हें परेशानी हो रही है। इतिहास विषय के अभ्यर्थियों का केंद्र मुरादाबाद रखा गया है। इसी तरह अन्य विषयों के अभ्यर्थियों के केंद्र काफी दूर रखे गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *