पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने विश्व दुग्ध दिवस सप्ताह के तहत 7 जून तक प्रदेश की सभी गोशालाओं में विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। …और पढ़ें
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने विश्व दुग्ध दिवस सप्ताह के तहत प्रदेश की सभी गोशालाओं में सात जून तक विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
स्वच्छता, पशु कल्याण, गोसंवर्धन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला दुग्ध उत्पादकों काे सम्मानित भी किया जाएगा।
सोमवार को विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में मंत्री ने कहा कि अभियान में लोगों को देसी गाय पालने के लिए जागरूक किया जाए और प्रोत्साहन देने की भी व्यवस्था की जाए। गोशालाओं में साफ-सफाई कराई जाए। गोशालाओं व उनके आसपास पौधारोपण कराया जाए।
आयोजनों में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, ब्लाक प्रमुख, ग्राम प्रधान व अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता हो।
बैठक में बताया गया कि भूसा संग्रहण अभियान के तहत 1,37,42,018 कुंतल लक्ष्य के सापेक्ष 1,36,98,441 क्विटंल भूसा उपलब्ध कराया जा चुका है। इसमें 14,81,071 क्विंटल दान के माध्यम से और 1,22,17,369 क्विंटल भूसा क्रय के माध्यम से प्राप्त किया गया है।
इसके लिए 3974 अस्थायी व 7285 स्थायी भूसा बैंक स्थापित किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जिलों में भूसा संग्रहण लक्ष्य पूर्ण नहीं हुआ है, वहां जल्द कार्यवाही पूरी की जाए।
बैठक में राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास कृष्णा पासवान, अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम, विशेष सचिव पशुधन देवेंद्र पांडेय, प्रबंध निदेशक पीसीडीएफ वैभव श्रीवास्तव, विशेष सचिव दुग्ध विकास विभाग राम सहाय यादव, निदेशक पशुपालन प्रशासन एवं विकास डा. मेमपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।


