खैरा थाना क्षेत्र के रायपुरा गांव की एक महिला ने गांव के ही चार लोगों पर लोन दिलाने के नाम पर आधार कार्ड समेत जरूरी कागजात लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।मामले को लेकर रायपुरा निवासी प्रतिमा देवी, पति बाटो मांझी ने खैरा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
40 से 70 हजार रूपये तक की राशि निकाली
महिला का आरोप है कि गांव की करीब 20-25 महादलित मांझी समुदाय की महिलाओं से इसी तरह कागजात लेकर उनके नाम पर कथित रूप से 40 से 70 हजार रूपये तक की राशि निकाली गई। करीब दो महीने बाद जब लोन की सूचना उनके घर पहुंची, तब महिलाओं को मामले की जानकारी हुई।
पीड़िता का कहना है कि अधिकांश महिलाओं के पति दूसरे प्रदेशों में मजदूरी करते हैं और वे इस प्रकार के कर्ज की राशि चुकाने की स्थिति में नहीं हैं। जब महिलाओं ने आरोपितों से इस संबंध में पूछताछ की तो कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
राशि के संबंध में जांच कराने की मांग
प्रतिमा देवी ने आरोप लगाया कि 24 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे आरोपित लाठी-डंडे लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए दोबारा लोन के संबंध में बात करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा लोन के नाम पर निकाली गई राशि के संबंध में जांच कराने की मांग की है। खैरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

