सिरसा में रिश्तेदारी में गया था पूरा परिवार, घर लौटे तो आंखों पर नहीं हुआ भरोसा, तुरंत लगा दिया पुलिस को फोन

 शहर के कीर्ति नगर क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। मामले की शिकायत पुलिस चौकी कीर्ति नगर में दी गई है।

कीर्तिनगर की गली नंबर आठ निवासी रमेश चंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह 4 जून की दोपहर करीब तीन बजे अपने पूरे परिवार के साथ रिश्तेदारी में गांव बुर्ज कर्मगढ़ गया हुआ था।

अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब परिवार वापस घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर जाने पर कमरे का ताला टूटा हुआ मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार जांच करने पर अलमारी में रखे करीब चार तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र, चार ग्राम वजनी सोने की अंगूठी तथा लगभग 25 हजार रुपये की नकदी चोरी मिली।

अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर उक्त सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित मकान मालिक ने पुलिस से चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *