पलवल में रफ्तार का कहर: दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बुजुर्ग की मौत, एक युवक गंभीर रूप से घायल

4.1kViews
1076 Shares

 जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना कोकिलावन परिक्रमा कर अपने घर लौट रहे युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। गांव सुजवाड़ी का रहने वाला अर्जुन बंचारी स्थित पंजाब भगत सिंह ढाबे के पास पहुंचा तो गलत दिशा से आ रही बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अर्जुन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।राहगीरों की मदद से उसे जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्वजन के शिकायत के आधार पर मुंडकटी थाना पुलिस ने आरोपित बाइक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं, दूसरी घटना होडल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुई। मामले में आदर्श कालोनी के रहने वाले हरगोपाल रात के समय टहलने निकले थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हरगोपाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के पुत्र धर्मवीर की शिकायत पर होडल थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *