जालंधर में रोड रेज, सूफी गायिका ज्योति नूरां के पति पर गंभीर आरोप; पुलिस के सामने हथियार लहराने का वीडियो वायरल

1186 Shares

 जालंधर में वेरका मिल्क प्लांट चौक के पास वीरवार देर रात कार निकालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस मामले में प्रसिद्ध सूफी गायिका ज्योति नूरां के पति अभिषेक उस्मान और उनके साथियों का नाम सामने आया है। दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया है कि उनके साथ तेजधार हथियारों से हमला किया गया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। कालिया कॉलोनी निवासी सतिंदर पाल के अनुसार वह अपनी कार से वेरका मिल्क प्लांट की ओर जा रहे थे। उन्होंने कार का इंडिकेटर दिया हुआ था, लेकिन सामने से आ रही दूसरी कार बीच रास्ते में रुक गई।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। सतिंदर पाल का आरोप है कि दूसरी कार में सवार चार से पांच युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की।

बयान दर्ज करते हुए पुलिस।

पिता को बचाने पहुंचे बेटे को भी पीटा

सतिंदर पाल ने बताया कि जब उन्होंने अपने बेटे को मौके पर बुलाया तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। उनका कहना है कि हमले के दौरान तेजधार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे दोनों घायल हो गए। इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

घायल पिता-पुत्र उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां उन्हें जानकारी मिली कि जिस कार में सवार लोग थे, वह सूफी गायिका ज्योति नूरां के पति अभिषेक उस्मान की बताई जा रही है। हालांकि सतिंदर पाल ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से उन्हें नहीं जानते।

पुलिस के सामने हथियार लहराने का आरोप

घटना की सूचना मिलने पर पीसीआर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि उसी समय सभी युवक कार में सवार होकर वहां से निकल गए। वीडियो में कुछ लोग पुलिस के सामने हथियार लहराते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *