गाजीपुर में कमलेश बिंद के शव पर बवाल, पुलिस पर पथराव में कई अधिकारी हुए घायल, अख‍िलेश ने ल‍िखा – ‘भाजपा खुद अपराधी है’

पुलिस मुठभेड़ में दो द‍िन पूर्व मारे गए कमलेश बिंद के शव को लेकर गुरुवार को फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग के पास हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। परिजनों और स्थानीय महिलाओं ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर जुटी भीड़ पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त कर रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया तो भीड़ उग्र हो गई। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई पुलिसकर्मी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। पथराव में नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल मिश्रा और दारोगा हरकुश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों के सिर में चोटें आई हैं। वहीं सीओ सिटी शेखर सेंगर और सुहवल थानाध्यक्ष कमलेश कुमार को भी चोटें लगीं। अन्य पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाया गया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं सपा प्रमुख के इस प्रकरण को लेकर सरकार पर हमलावर होने के बाद व‍िवाद को और भी स‍ियासी हवा म‍िल गई है।

पुलिस हालात को नियंत्रित करने और जाम समाप्त कराने के प्रयास में जुटी रही। घटना के बाद फुल्लनपुर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। हालांक‍ि रात में पूरी तरह व‍िरोध प्रदर्शन पर काबू पाने के बाद पुल‍िस ने राहत की सांस ली। साथ ही शुक्रवार की सुबह भी पुल‍िस की पूरे घटनाक्रम पर नजर बनी रही। जबक‍ि सपाई इस प्रकरण को लेकर अब सरकार को घेरने की तैयारी कर रहे हैं।

अखि‍लेश यादव सरकार पर हुए हमलावर

सपा प्रमुख अख‍िलेश यादव ने सोशल मीड‍िया पर इस प्रकरण पर सरकार को घेरा है। ल‍िखा है क‍ि जब हत्या का आरोप सीधे-सीधे भाजपा की महिला राज्यसभा सासंद के परिवार पर लगाए जा रहे हैं तो कार्रवाई भी सीधे ही होनी चाहिए। ये कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि सरेआम की गई हत्या का मामला है। ये संगठित अपराध का दुष्परिणाम है जिसे भाजपा पाल-पोस रही है।

असफल मुख्यमंत्री जी, देख लीजिए आपकी छत्रछाया में पनप रहे माफ़िया या तो आपके अपने हैं या आप से ज़्यादा ताक़तवर हो चुके हैं।
भाजपा राज में महाभ्रष्ट ‘शासन-प्रशासन’ ने जनता का विश्वास खो दिया है। हत्याओं और एनकाउंटर ने उप्र की छवि को पूरी तरह नकारात्मक बना दिया है। भाजपा ख़ुद अपराधी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *