⚡ बिजली चोरों पर ‘सामाजिक चोट’! मुनादी और पोस्टर से सार्वजनिक होंगे नाम, ऊर्जा निगम का बड़ा फैसला

1845 Shares

 भीषण गर्मी के बीच जिले में बिजली चोरों और बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा निगम एक अनोखा पोस्टर-मुनादी अभियान शुरू करने जा रहा है।

इसके तहत ओवरलोड ट्रांसफार्मरों पर बैनर-पोस्टर चस्पा कर क्षेत्र के कुल भार, बिजली चोरी का प्रतिशत और बिल न भरने वालों का लेखा-जोखा सरेराह सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि जिम्मेदार उपभोक्ताओं पर दबाव बनाया जा सके। सोमवार से ऐसे पोस्टर लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। मुजफ्फरनगर जिले में भी इसकी तैयारी है।

जून में सूरज की तपिश के साथ ही बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। एसी और कूलर के अधिक प्रयोग से आपूर्ति प्रभावित हो रही है। तारों में खराबी और ट्रांसफार्मरों के फुंकने का सिलसिला जारी है।

इस संकट से निपटने और ईमानदारी से बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ऊर्जा निगम ने अब सीधे तौर पर सामाजिक चोट करने की रणनीति तैयार की है। इसके तहत मुहल्ले के ट्रांसफार्मर पर ही वहां की बिजली चोरी का पूरा सच मोटे अक्षरों में चस्पा किया जाएगा।

मुख्य अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि तैयार किए जा रहे इन विशेष पोस्टर-बैनर में संबंधित मुहल्ले के ट्रांसफार्मर की वास्तविक क्षमता के मुकाबले उस पर चल रहे अवैध लोड का विवरण दर्ज होगा।

सबसे खास बात यह है कि इस बैनर पर साफ-साफ अंकित किया जाएगा कि मुहल्ले के कितने लोगों पर कुल कितनी राशि बकाया है और वह किस कनेक्शन संख्या पर चल रही है। इसके साथ ही उस विशिष्ट क्षेत्र में कुल कितने प्रतिशत बिजली की चोरी हो रही है, इसका आंकड़ा भी सार्वजनिक किया जाएगा।

ट्रांसफार्मर फुंकने पर अफसरों की जिम्मेदारी भी तय
ऊर्जा निगम के चेयरमैन ने ट्रांसफार्मर फुंकने पर जेई के लेकर अधीक्षण अभियंता तक की जिम्मेदारी भी तय की है।
इसके तहत एमडी रविश गुप्ता ने पश्चिमांचल के लिए भी आदेश जारी किए हैं, जिसमें यदि 10 से 63 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंकता है तो 50 प्रतिशत वसूली जेई से, 30 प्रतिशत एसडीओ से और 20 प्रतिशत अधिशासी अभियंता से होगी। बड़े ट्रांसफार्मरों यानि 400 से एक हजार केवीए के मामले में तो अधीक्षण अभियंता एसई से भी 10 प्रतिशत हिस्सा वसूला जाएगा।

इन्होंने कहा…
जिले में क्षमता से अधिक खपत के कारण ट्रांसफार्मर प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ताओं को जागरूक करने और बिजली चोरी रोकने के लिए ट्रांसफार्मरों पर बैनर-पोस्टर और मुनादी कराई जाएगी। अगले सप्ताह यानी सोमवार से शामली में पोस्टर लगाने शुरू कर दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *