मौत से पहले चिराग ने कितना किया संघर्ष? पीएम रिपोर्ट से होगा साफ, एक्सरे में दो गोलिया मिली

 पैरा एथलीट चिराग त्यागी के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मोर्चरी पर मुरादनगर विधायक अजितपाल त्यागी भी पहुंचे हैं। डॉक्टरों ने चिराग के शरीर में गोलियां तलाशने के लिए एक्सरे कराया जिसमें उसके दो गोलियां मिली हैं।

आरोपित यश खटीक ने भी पुलिस को पूछताछ में दो गोली मारने की बात स्वीकार की है। यश ने चार दिन पूर्व ही तमंचा खरीदा था। हत्या के बाद आरोपित अपने घर मुरादनगर चला गया। चिराग की गर्लफ्रेंड ने जब यश को फोन कर बताया कि उसका फोन नहीं उठ रहा ह तब उसने शीघ्र आने का वादा किया, लेकिन वह आया नहीं।

चिकित्सकों ने शव देखकर जताया था करंट लगने का शक

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा कि चिराग की मौत केवल गोली लगने से हुई या उन्हें सिर में कोई भारी वस्तु मारकर मारा गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट होगा कि हत्या से पहले चिराग ने कितना संघर्ष किया और उनके साथ मारपीट हुई थी या नहीं।

शनिवार को नया बस अड्डे के पास साईं उपवन में चिराग का शव लहूलुहान हालत में मिला था। घटनास्थल पर खून बिखरा हुआ था और चिराग का चेहरा भी खून से सना मिला। पुलिस को मौके पर संघर्ष के संकेत मिले थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले चिराग और आरोपित के बीच हाथापाई हुई थी।

पुलिस जब चिराग को जिला एमएमजी अस्पताल लेकर पहुंची तो चिकित्सकों ने शव की स्थिति देखकर करंट लगने की संभावना भी जताई थी। वहीं पीठ में गोली लगने का निशान मिलने के बाद गोली मारकर हत्या की बात सामने आई।

अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि शरीर पर चोटों के कितने निशान हैं और मौत की वास्तविक वजह क्या रही। मामले में पुलिस ने मुरादनगर निवासी पैरा एथलीट यश खटीक को हिरासत में लिया है। शुरुआती पूछताछ में उसने तमंचे से हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश में भी जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *