विक्षिप्त युवती ने महिला सिपाही को काट लिया, जांच की तो वह एचआइवी पाजिटिव मिली… फिर हुआ यह सब
एक थाने में तैनात महिला कांस्टेबल को थाना परिसर में एक विक्षिप्त युवती ने काट लिया। जांच में युवती एचआइवी पाजिटिव पाई गई, जिसके बाद महिला कांस्टेबल ने अपनी जांच के लिए सीएचसी का रुख किया। महिला कांस्टेबल मिशन शक्ति अभियान के तहत ड्यूटी पर थीं। उन्होंने बताया कि 26 मई की रात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से डायल-112 पर सूचना मिली कि एक विक्षिप्त युवती अर्द्धनग्न अवस्था में हंगामा कर रही है।
सूचना पर कोतवाली पुलिस ने गांव पहुंचकर युवती को थाने लाया गया। थाने में युवती ने हंगामा जारी रखा, जिसे काबू करने के प्रयास में महिला कांस्टेबल को काट लिया। जख्म से खून निकला। अगले दिन विक्षिप्त युवती को वन स्टाप सेंटर लाया गया, जहां उसकी स्वास्थ्य जांच की गई। 28 मई को उसकी एचआइवी रिपोर्ट पाजिटिव आई। इस पर महिला कांस्टेबल घबरा गईं और शुक्रवार की सुबह सीएचसी पहुंचीं। वहां से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी एचआइवी जांच कर काउंसलिंग की गई।
उनकी जांच रिपोर्ट अगले दिन आएगी। वहीं, विक्षिप्त युवती को नोएडा के नारी निकेतन ले जाया गया, लेकिन वहां एचआइवी पाजिटिव को रखने की व्यवस्था न होने के कारण मना कर दिया गया। अंततः, उसे राजस्थान के भरतपुर स्थित नारी निकेतन केंद्र में रखा गया है। जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डा. प्रदीप राणा ने बताया कि महिला कांस्टेबल को रेफर किया गया था और उनकी जांच की गई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

