अमेरिका के होटल में भारतीय व्यक्ति ने तस्करी की शिकार किशोरी से किया दुष्कर्म, पहुंचा सलाखों के पीछे

5.1kViews
1953 Shares

अमेरिका में 27 साल के एक भारतीय व्यक्ति को मानव तस्करों को पैसे देकर एक नाबालिग लड़की का यौन शोषण करवाने के आरोप में 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। गुजरात का रहने वाला कवनकुमार पटेल नेब्रास्का के ओमाहा स्थित एक होटल में काम करता था और उसने पिछले साल जनवरी में उस लड़की को प्रताड़ित किया था।

मामले की जांच 6 जनवरी, 2025 को तब शुरू हुई जब पुलिस को चोरी की एक रिपोर्ट मिली और उन्हें सेक्स ट्रैफिकिंग के सबूत मिले। इसके बाद होमलैंड सिक्योरिटी टास्क फोर्स और ओमाहा पुलिस विभाग के अधिकारियों ने 15 और 16 साल की दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया, जिन्हें दूसरे राज्य से होटल में लाकर व्यावसायिक यौन शोषण के लिए बेचा जाना था।

यौन संबंध बनाने के लिए तस्करों को दिए पैसे’

नेब्रास्का में यूएस अटॉर्नी के कार्यालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा, “दोनों नाबालिग लड़कियों ने बताया कि उनके तस्करों ने उन्हें निर्देश दिया था कि कमरे का किराया कम करवाने के लिए उन्हें होटल के कर्मचारियों के साथ यौन संबंध बनाने होंगे, वरना उन्हें होटल से बाहर निकाल दिया जाएगा। होटल के दो कर्मचारियों ने एक नाबालिग के साथ यौन संबंध बनाने के लिए तस्कर को पैसे दिए और होटल के तीसरे कर्मचारी ने दूसरी नाबालिग के साथ यौन संबंध बनाए।”

होटल में काम करने वाले पटेल ने यह स्वीकार किया है कि उसने होटल के ड्रॉअर से पैसे निकालकर तस्करों को दिए, ताकि वह होटल में मौजूद नाबालिगों में से किसी एक के साथ यौन संबंध बना सके। इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने तस्करों और नाबालिगों को कई दिनों तक होटल में रहने की अनुमति दे दी।

ऑनलाइन डाला जाता था विज्ञापन

तस्कर कमर्शियल सेक्स के लिए ऑनलाइन विज्ञापन डालते थे और नाबालिग पीड़ितों को शामिल करके कमर्शियल सेक्स के काम करवाते थे। अटॉर्नी के दफ्तर ने बताया कि नाबालिगों ने शिकायत की कि उन्हें खाने को बहुत कम मिलता था और उन्हें लगता था कि उनके पास निर्देश के मुताबिक सेक्स करने के अलावा कोई और चारा नहीं था। अमेरिका में अवैध रूप से रहा पटेल अपनी जेल की सजा पूरी करने के बाद देश-निकाला का सामना करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *