बगहा में नहर में स्नान के दौरान युवक डूबा, अभी तक नहीं मिला कोई सुराग

8.8kViews
1734 Shares

 बगहा-दो प्रखंड क्षेत्र में बरवल नहर में स्नान के दौरान एक युवक के डूब जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना गुरुवार की देर शाम की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

मामा के घर आया था युवक

डूबने वाले युवक की पहचान नगर के बनकटवा निवासी तुलसी कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने मामा के घर बरवल आया हुआ था। इसी दौरान वह नहर में स्नान करने के लिए गया था।

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार स्नान के दौरान युवक अचानक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह तेज बहाव में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

ग्रामीणों ने शुरू की तलाश

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण हरहा किनारे पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने काफी देर तक युवक की खोजबीन की। इसके बाद प्रशासन को भी सूचना दी गई, जिसके बाद तलाश अभियान शुरू कराया गया।

तेज बहाव से बढ़ी परेशानी

बगहा-दो के राजस्व पदाधिकारी रवि प्रकाश चौधरी ने बताया कि नहर में पानी का बहाव काफी तेज है। ग्रामीणों की आशंका है कि युवक का शव हरहा क्षेत्र में कहीं फंस गया हो सकता है। उन्होंने बताया कि पानी का दबाव कम कराने के लिए वाल्मीकिनगर बराज प्रशासन से संपर्क किया जा रहा है, ताकि जल्द युवक का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *