बठिंडा नगर निगम चुनाव: फायरिंग, पैसे बांटने और हंगामे से गरमाया चुनावी माहौल; वार्ड नंबर-2 में हाईवोल्टेज ड्रामा

नगर निगम चुनाव के दौरान शहर का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। मतदान से पहले अलग-अलग वार्डों में पैसे और शराब बांटकर मतदाताओं को प्रभावित करने, धमकाने और फायरिंग करने जैसे गंभीर आरोपों ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है।

आम आदमी पार्टी, भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार तेज हो रहा है। पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि कई संवेदनशील वार्डों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

वार्ड नंबर 3 में फायरिंग से फैली दहशत

सबसे सनसनीखेज मामला वार्ड नंबर 3 से सामने आया, जहां मतदान शुरू होने से पहले सोमवार देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। आजाद उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने आरोप लगाया कि वार्ड में कथित तौर पर वोट खरीदने के लिए पैसे बांटे जा रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कुछ लोगों ने खुलेआम फायरिंग कर दी।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फायरिंग के दौरान सत्ताधारी पार्टी से जुड़ा एक स्थानीय नेता भी मौके पर मौजूद था। विरोध बढ़ता देख वह अपने समर्थकों सहित वाहन में बैठकर वहां से निकल गया।

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बठिंडा शहरी विधायक जगरूप सिंह गिल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

फायरिंग के विरोध में धरना, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

घटना के विरोध में आजाद उम्मीदवार, उनके समर्थकों और स्थानीय निवासियों ने धरना देकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि चुनाव में धनबल और दबंगई का इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों ने कहा कि मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास है।

उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने लोगों से लिखित शिकायतें देने की अपील की है, ताकि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा सके।

वार्ड नंबर 8 में वोटरों को लुभाने के आरोप

नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 8 भी विवादों में आ गया। भाजपा के जिला प्रधान और पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला ने आम आदमी पार्टी पर मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए होटल में नाश्ता और जलपान कराने के आरोप लगाए हैं।

सिंगला ने दावा किया कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए मतदाताओं को लालच दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में चुनाव अधिकारियों को शिकायत भी दी गई है। हालांकि आम आदमी पार्टी की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

वार्ड नंबर 2 में देर रात आप और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने

चुनावी तनाव के बीच वार्ड नंबर 2 में सोमवार देर रात हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां आम आदमी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर वोट खरीदने, दबाव बनाने और राजनीतिक साजिश रचने के आरोप लगाए।

आप प्रत्याशी हरबीर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक पूरे दिन मतदाताओं में पैसे बांट रहे थे। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इस संबंध में वीडियो भी मौजूद हैं। हरबीर सिंह के अनुसार सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, हालांकि उसके पास से कोई नकदी बरामद नहीं हुई।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में हार की आशंका के चलते धनबल का इस्तेमाल कर रही है। साथ ही चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर मामले की शिकायत चुनाव आयोग तक पहुंचाई जाएगी। भाजपा प्रत्याशी ने लगाया घर में घुसने का आरोप

दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी विपिन कुमार ने आप नेताओं के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक ड्रामा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि आप प्रत्याशी पुलिस की मौजूदगी में उनके घर में घुस आया और पहली मंजिल पर बने कमरे की तलाशी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *