सोनीपत के गोहाना में 60 करोड़ से बनेगा हेरिटेज पार्क, आपके लिए क्या होगा खास?

शहर के लोगों की वर्षों पुरानी मांग धरातल पर उतराने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर के बीचोंबीच से गुजर रही ड्रेन आठ को कवर कर उसके ऊपर भगवान परशुराम हेरिटेज पार्क और आधुनिक जॉगिंग ट्रैक विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 29 मार्च 2026 को गोहाना विकास एवं धन्यवाद रैली में की गई घोषणा पर अब आधिकारिक कोड जारी हो गया है, जिसके बाद संबंधित विभागों में हलचल तेज हो गई है।

शहरी स्थानीय निकाय विभाग के मुख्य अभियंता के कार्यालय की तरफ से जिला नगर आयुक्त को पत्र जारी कर इस परियोजना को लेकर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना के तहत गोहाना में सोनीपत चुंगी से पानीपत चुंगी तक ड्रेन को चरणबद्ध तरीके से कवर किया जाएगा और इसके ऊपर भगवान परशुराम हेरिटेज पार्क व जागिंग ट्रैक बनाया जाएगा।

शहर को नया हरित कॉरिडोर मिलने की उम्मीद

इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 60 करोड़ रुपये अनुमानित लागत आएगी। परियोजना के तहत शहर को एक नया हरित कॉरिडोर मिलने की उम्मीद है। गोहाना विकास एवं धन्यवाद रैली में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं गोहाना के विधायक डॉ. अरविंद शर्मा ने इस परियोजना को पूरा करने की मांग की थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की थी।

मुख्यालय ने अधिकारियों को जल्द परियोजना की व्यवहारिक रिपोर्ट, रफ कास्ट एस्टीमेट और टिप्पणियां भेजने के निर्देश दिए हैं। इससे स्पष्ट है कि सरकार मुख्यमंत्री की घोषणा को केवल राजनीतिक मंच तक सीमित नहीं रखना चाहती बल्कि इसे जल्द अमलीजामा पहनाने की तैयारी में है।

गंदगी से मिलेगी राहत, बढ़ेंगी सुविधाएं

खुली ड्रेन के कारण आसपास के लोगों को बदबू, मच्छरों और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ता है। ड्रेन कवर होने से न केवल प्रदूषण और दुर्गंध से राहत मिलेगी, बल्कि शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।

इसके साथ लोगों को सुबह-शाम सैर, व्यायाम और मनोरंजन के लिए आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। परियोजना पूरी होने पर गोहाना के लोगों को बड़े शहरों की तर्ज पर एक आधुनिक सार्वजनिक स्थल मिलेगा। इससे शहर की पहचान भी बदलेगी।

नगर परिषद ने सिंचाई विभाग से मांगी एनओसी

नगर परिषद ने सिंचाई विभाग से एनओसी मांगी है। ड्रेन सिंचाई विभाग के अधीन आती है। संभावना है कि ड्रेन को कवर करने का तकनीकी कार्य सिंचाई विभाग कराएगा, जबकि उसके ऊपर पार्क, जागिंग ट्रैक, लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य नगर परिषद द्वारा कराए जाएंगे।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों विभागों में कौन क्या काम कराएगा। रैली में घोषणा हुई थी कि सिचांई विभाग और नगर परिषद इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा कराएंगे। घोषणा से पूर्व दोनों विभागों से प्रस्ताव मांगे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *