नोएडा सेक्टर-93 में RWA चुनाव से पहले कूड़े पर फूटा रेजिडेंट्स का गुस्सा, रोज प्रदर्शन और गेट बंद करने की चेतावनी

सेक्टर-93 सुपर एमआईजी में कूड़े के ढेर और कॉन्ट्रैक्टर को लेकर निवासियों का गुस्सा सड़क पर उतर आया है।

वीरवार सुबह गेट नंबर-4 के सामने बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन कर प्राधिकरण और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नाराजगी जताई। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बदबू, गंदगी और बीमारियों का मुद्दा उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे निवासी राकेश त्रिपाठी ने कहा कि बीते कई दिनों से गेट के सामने कूड़े की गाड़ियां खड़ी की जा रही हैं और आसपास कूड़े के ढेर लगे रहते हैं।

बदबू से घरों में रहना मुश्किल

इससे पूरे इलाके में बदबू फैल रही है और लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि अब तक पांच से सात लोग बीमार पड़ चुके हैं, जबकि कई किरायेदार मकान खाली कर दूसरे स्थानों पर जाने लगे हैं।

निवासियों का कहना है कि सुबह-सुबह कूड़ा वाहनों की आवाजाही और गंदगी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

समस्या हल होने तक रोज प्रदर्शन

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि जब तक समस्या का स्थायी हल नहीं निकलता, तब तक रोजाना सुबह एक घंटे प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो सेक्टर का गेट बंद करने का निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि सेक्टर में 24 मई को आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के चुनाव होने हैं। पांच पदों के लिए तीन पैनल मैदान में हैं। राकेश त्रिपाठी भी चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले कूड़े का मुद्दा सेक्टर की सबसे बड़ी समस्या बनकर उभर आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *