अधिक मास मेले में उमड़ रहे आस्था के जनसैलाब के बीच मंगलवार रात जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह खुद सड़कों पर उतर आए। उन्होंने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का पैदल भ्रमण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।
देर रात तक चले निरीक्षण के दौरान डीएम ने परिक्रमा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था से लेकर पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा और यातायात तक हर व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानी हकीकत
परिक्रमा मार्ग पर लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिक मास में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु गिरिराज महाराज की परिक्रमा के लिए पहुंच रहे हैं, ऐसे में सभी विभाग पूरी संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करें।
श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने शौचालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, विश्राम शेड, भंडारों और भोजन वितरण स्थलों का भी जायजा लिया। उन्होंने सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ रखने, पेयजल की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
15 जून तक चलेगा अधिकमास मेला
उल्लेखनीय है कि 17 मई से शुरू हुआ अधिक मास मेला 15 जून तक चलेगा। इस दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु ब्रज पहुंचकर 84 कोस परिक्रमा और गोवर्धन परिक्रमा कर रहे हैं।
निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एसडीएम सुशील कुमार सिंह, तहसीलदार बृजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


