नलों से आ रहा बदबूदार पानी, दिल्ली जल बोर्ड के चक्कर काटकर थके लोग; बलबीर नगर में 2 महीने से हाहाकार

1439 Shares

कर्दमपुरी वार्ड स्थित बलबीर नगर इलाके में पिछले करीब दो माह से सीवर युक्त गंदे पानी की सप्लाई होने से स्थानीय लोग भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।

दूषित पानी की वजह से क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और लोगों में दिल्ली जल बोर्ड के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा और लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।

विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि नलों से आने वाले पानी में बदबू आती है जो पीने योग्य तो क्या किसी घरेलू कार्यों के लिए भी नहीं किया जा सकता। मजबूरी में कई परिवार बाजार से पानी खरीदने को विवश हैं। बच्चों और बुजुर्गों में पेट संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

जल बोर्ड कार्यालय के काट रहे चक्कर

आरडब्ल्यूए पदाधिकारी विद्या प्रकाश शर्मा ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड और संबंधित जनप्रतिनिधियों को कई बार लिखित शिकायत दी गई, और विभाग के चक्कर काट-काट कर थक चुके है लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।

लोगों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे, जबकि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है।

जनता गार्डन और मयूर विहार फेज-1 में सप्लाई बाधित

वहीं, दूसरी ओर जनता गार्डन और मयूर विहार फेज-1 इलाके में भी पानी संकट गहराता जा रहा है। यहां पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई बाधित होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह और शाम के समय पानी नहीं आने से घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने संबंधित जेई को कई बार शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

पानी संकट को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है और विभाग के खिलाफ नाराजगी लगातार बढ़ रही है।पानी इतना खराब है कि बच्चों को पीने के लिए बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है। बीमारी फैलने का डर बना हुआ है।

पवन चौमाल

दिल्ली जल बोर्ड और जनप्रतिनिधियों को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।

राम प्रकाश शर्मा

बदबूदार पानी की सप्लाई होने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। विभाग को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए और जनप्रतिनिधियों जिम्मेवारी लेकर साफ पानी मुहैया कराना चाहिए।

दिनेश मलिक

संबंधित जेई को जल्द से जल्द बलबीर नगर के लोगों की परेशानी हल करने के लिए बोल दिया गया है। अगर जेई फोन नहीं उठाता व समस्या का समाधान नहीं करता है तो मेरे नंबर पर फोन व कार्यालय आकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

गोपाल राय, विधायक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *