आरा में MLC उपचुनाव मतदान के दौरान हंगामा; मजिस्ट्रेट से भिड़े RJD समर्थक, वीडियो वायरल
MLC Election Voting: भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उप चुनाव को लेकर भोजपुर जिले के 14 मतदान केंद्रों पर मंगलवार को सुबह से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ।
इसी दौरान आरा सदर प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि राजद प्रत्याशी सोनू कुमार ने गेट पर तैनात मजिस्ट्रेट पर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराने का आरोप लगाया।
पहचान पत्र नहीं पहनने पर तीखी नोकझोंक
आरोप के बाद प्रत्याशी, उनके समर्थकों और मजिस्ट्रेट के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इसी दौरान पहचान पत्र दिखाने को लेकर एक राजद समर्थक ने ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट शशि भूषण तिवारी की कॉलर पकड़ ली।
इससे अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया। मतदान केंद्र के पास मजिस्ट्रेट से नोंकझोंक और धक्का-मुक्की का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
बताया जाता है कि मजिस्ट्रेट ने ड्यूटी के दौरान आई कार्ड नहीं पहना था, जिसको लेकर विवाद बढ़ गया। हालांकि, प्रशासन ने बाद में स्थिति सामान्य कराते हुए मतदान प्रक्रिया जारी रखी।
तीन उम्मीदवार हैं मैदान में
कुल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला एनडीए उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद और राजद उम्मीदवार सोनू राय के बीच है। इस चुनाव में पंचायत प्रतिनिधि ही वोटर होते हैं।
इधर, शांतिपूर्ण मतदान को लेकर जिले के सभी 14 मतदान केंद्रों पर 14 जोनल दंडाधिकारी एवं चार सुपर जोनल दंडाधिकारी की तैनाती की गई है।
प्रत्येक केंद्र पर अतिरिक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बलों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है।
सभी मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

