मोदीनगर में प्लॉट से ईंट हटाने को लेकर खूनी संघर्ष, दंपती को बेरहमी से पीटा; महिला से कुंडल लूटने का भी आरोप

कोतवाली क्षेत्र की कृष्णानगर काॅलोनी में रविवार रात प्लाट से ईंट हटाने को लेकर विवाद हो गया। आरोपितों ने दंपती को बुरी तरह पीट दिया। लात-घूंसों से ताबड़तोड़ वार कर पति को घायल कर दिया।

इस दौरान पत्नी के कान से कुंडल लूटने का भी आरोप है। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

कृष्णानगर काॅलोनी के संजय कुमार के मुताबिक, उनके घर के सामने एक प्लाॅट है, जहां कुछ समय से ईट रखी हुई हैं। संजय ने प्लाॅट मालिक से ईंट हटाने को कहा। इसपर आरोपित भड़क गया और उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

परिवार के लोगों को बुलाकर पीटा

विरोध करने पर आरोपित ने अपने परिवार के अन्य सदस्य मौके पर बुलाए और संजय को पीटना शुरू दिया। बीच-बचाव कराने जब संजय की पत्नी प्रीति आई तो आरोपितों ने उन्हें भी पीटा। दोनों को ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया।

हंगामा होता देख आसपास के लोग मौके पर आने लगे तो आरोपित भाग निकले। पूरी घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। खून से लथपथ हालत में संजय थाने पहुंचे और पुलिस को सारी बात बताई। मामले में थाने में शिकायत दी गई है। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *