बिलग्राम क्षेत्र में मंगलवार सुबह गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां स्कूली बस और कार की जोरदार भिड़ंत में पांच बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बिलग्राम क्षेत्र के हरदोई मार्ग स्थित गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। डीपीएसडी पब्लिक स्कूल की बस और एक कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, बस हरदोई की ओर से आ रही थी, जबकि कार माधोगंज की दिशा से पहुंच रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक ने अचानक सामने आई कार को बचाने की कोशिश की, लेकिन सर्विस रोड पर स्पीड ब्रेकर न होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई। पहले बस कार से टकराई और फिर सड़क किनारे खंती में जा घुसी।
हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दुर्घटना में सूर्यकुमार (5) पुत्र रामजी निवासी तरौली, रूद्र सिंह (3) पुत्र राहुल सिंह निवासी तरौली, सर्वेश (4) निवासी तरौली, रामकृष्ण (10) पुत्र विमलेश निवासी हैबतपुर तथा आयुषी (12) पुत्री संजीव कुमार निवासी हैबतपुर घायल हो गए।
घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नायब तहसीलदार ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
स्कूल प्रबंधक नितिन गुप्ता भी सीएचसी पहुंचे और बच्चों व उनके परिजनों से मुलाकात की। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों के लिए स्पीड ब्रेकर न होने को मुख्य कारण बताया और प्रशासन से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की।


