बठिंडा छावनी में सेना के जवान की आत्महत्या मामले में बड़ा मोड़, जांच के बाद पत्नी पर केस दर्ज

बठिंडा सैन्य छावनी में तैनात भारतीय सेना के एक जवान की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के बाद नया मोड़ सामने आया है। मामले की गहन जांच और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा के बाद थाना कैट पुलिस ने जवान की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपित महिला की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार मृतक जवान की पहचान 26 वर्षीय विद्यासागर के रूप में हुई थी, जो भारतीय सेना में कार्यरत था और उस समय बठिंडा सैन्य छावनी में तैनात था। घटना सात अप्रैल 2026 की है, जब जवान ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद परिजनों और सैन्य क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।

शादी के बाद शुरू हुआ विवाद

मामले में शिकायत मृतक के मामा दिलदरिया अमन सिंह ने पुलिस को दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यासागर की शादी हनुमानगढ़ निवासी जसपिंदर कौर के साथ हुई थी। विवाह के बाद से दोनों के बीच विवाद रहने लगे थे और पत्नी द्वारा कथित रूप से मानसिक रूप से परेशान किए जाने के कारण जवान लगातार तनाव में रहने लगा था।

शिकायतकर्ता के अनुसार पारिवारिक विवाद और मानसिक दबाव के चलते विद्यासागर बेहद परेशान था। उनका आरोप है कि इसी तनाव के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक जांच शुरू की थी और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए गए थे।

दो महीने की जांच के बाद हुई कार्रवाई

जांच अधिकारी सहायक थानेदार लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले की गहन पड़ताल की गई। जांच के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों, बयानों और अन्य साक्ष्यों का अध्ययन किया गया। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने जसपिंदर कौर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित महिला की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *