‘मैं फंसी हुई हूं, तुम मत…’, आत्महत्या से पहले पूर्व न्यायाधीश की बहू ट्विशा शर्मा ने भेजा था लास्ट मैसेज

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पिछले हफ्ते संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा के आखिरी व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम चैट्स सामने आए हैं। इन मैसेज से साफ पता चलता है कि मौत से कुछ दिन पहले ट्विशा भारी मानसिक तनाव, घबराहट और सांस घुटने व फंसने के समस्या से गुजर रही थीं।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली ट्विशा का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित पति समर्थ सिंह के घर पर फंदे से लटका मिला था। समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं। दोनों की मुलाकात 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी और दिसंबर 2025 में शादी की थी। ट्विशा ने एमबीए किया था और शादी से पहले वे दिल्ली की एक कंपनी में कई सालों तक काम कर चुकी थीं।

शादी की खुजली में शादी मत करना… सोच-समझकर कदम बढ़ाना

7 मई को अपने एक दोस्त के साथ व्हाट्सएप पर हुई बातचीत में ट्विशा ने अपनी जिंदगी को लेकर गहरी चिंता और घबराहट जाहिर की थी। ट्विशा ने लिखा था कि मैं एंग्जाइटी में हूं क्योंकि मैं घर पर बैठी हूं। मैं अपनी जिंदगी में कुछ करना चाहती हूं। शादी से आपका परिवार तो बनता है, लेकिन आप चाहे कहीं भी हों, खुद के लिए और खुद पर काम करना बंद नहीं कर सकते।

उन्होंने अपनी दोस्त को जल्दबाजी में शादी न करने की सलाह देते हुए आगाह किया था कि शादी की खुजली में शादी मत करना। सोच-समझकर आगे बढ़ना। फिलहाल बस यही कहूंगी। जल्द ही तुम्हें कॉल करूंगी।

इस पर चिंतित दोस्त ने जवाब दिया कि मुझे उम्मीद है तुम ठीक हो। मुझे तुम्हारी चिंता हो रही है, कॉल करना। ट्विशा ने जवाब में लिखा कि मैं ठीक हूं। मुझे बस घर की बहुत याद आती है। तेरी याद आती है।

आई एम ट्रैप्ड ब्रो… बस तुम मत फंसना

इंस्टाग्राम पर हुई एक अन्य बातचीत में ट्विशा का दर्द और बेबसी और अधिक साफ दिखाई दी। उन्होंने अपनी सहेली को लिखा कि आई एम ट्रैप्ड ब्रो (मैं फंस गई हूं भाई)। बस तू मत फंसना। ज्यादा बात नहीं कर सकती। सही समय आने पर कॉल करूंगी।

इस संदेश पर उनकी दोस्त ने घबराते हुए लिखा था कि मुझे तुम्हारी बहुत चिंता हो रही है। मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं। इन चैट्स के सामने आने के बाद अब इस मामले में प्रताड़ना के आरोपों को और बल मिल रहा है।

शरीर पर चोट के निशान

ट्विशा की मौत के बाद न्याय न मिलने से नाराज उनके परिवार ने भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर धरना और प्रदर्शन किया। परिवार की मांग है कि ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम एम्स दिल्ली में कराया जाए। उन्होंने बताया कि पांच दिनों से उनकी बेटी का शव एम्स भोपाल के शवगृह में रखा हुआ है।

आशीष शर्मा ने कहा कि जैसे ही हमें फोन आया कि हमारी बहन अब इस दुनिया में नहीं है, हम तुरंत दिल्ली और अजमेर से भोपाल के लिए रवाना हो गए। लेकिन यहां आने के बाद हम जो कुछ भी देख रहे हैं, वह किसी खौफनाक मंजर से कम नहीं है।

जब हमने अपनी बहन का शव देखा, तो उसके शरीर पर चोट के निशान थे। ससुराल वाले लगातार जुर्म से इनकार कर रहे हैं और पुलिस एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी कर रही है। हमारा पूरा परिवार महिला थाना, मानवाधिकार आयोग और पुलिस कमिश्नर के दफ्तर के चक्कर काट-काट कर थक चुका है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, ट्विशा की मौत का कारण फांसी लगाना बताया गया है। हालांकि, उनके शरीर पर मिले चोट के कई निशानों ने मौत के पीछे की कहानी पर बड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दहेज उत्पीड़न का आरोप, रिटायर्ड जज हैं सास

इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। ट्विशा के परिवार ने उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरीबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि आरोपी पक्ष के रसूख और प्रभाव के कारण स्थानीय पुलिस जांच को प्रभावित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *