भोर में घर से निकले किशोर का शव एक पोखरे में उतराता मिला। स्वजन ने हत्या कर शव को पोखरे में फेंकने का आरोप लगाया है।
रविवार की सुबह महदेव गांव से लगभग 100 मीटर दूर पोखरे में लगभग 16 वर्षीय किशोर का शव देखकर शोर मचाया। शव का आधा हिस्सा पानी में व आधा बाहर था। शव मिलने की सूचना पर मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। स्वजन ने उसकी पहचान विनय गौड़ पुत्र उदयराज के रूप में की।
सूचना पर थानाध्यक्ष वाल्टरगंज सूर्य प्रकाश सिंह फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को बाहर निकलवाया। किशोर के गले पर गहरे काले रंग का निशान मिला है, जिससे हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। विनय चार भाइयों में सबसे छोटा था।
घटना से परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।


