हरियाणा: अंबाला में रिश्वत लेता रंगे हाथ पकड़ा गया सब इंस्पेक्टर, भेजा गया जेल

8.8kViews
1238 Shares

 राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बलदेव नगर चौकी में तैनात सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

आरोपित को शनिवार को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपित एसआई पहले भी विभागीय जांच झेल चुका है और दो बार लाइन हाजिर हो चुका था।

कबीर नगर निवासी अतुल कश्यप ने एसीबी को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसके खिलाफ दर्ज मारपीट के केस में जांच में शामिल करवाने और अदालत से बेल रद न करवाने के बदले एसआई राकेश कुमार ने 13 हजार रुपये रिश्वत मांगी।

आरोप है कि आरोपित ने पहले ही पांच हजार रुपये ले लिए थे और बाकी आठ हजार रुपये 15 मई को बुलाकर मांगे थे। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की बातचीत की रिकार्डिंग भी एसीबी को सौंपी। मामले की जांच के बाद एसीबी ने रेडिंग पार्टी गठित की।

इसके बाद टीम ने आरोपित एसआई को शुक्रवार रात रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई निरीक्षक संदीप के नेतृत्व में की गई। शिकायतकर्ता के खिलाफ थाना बलदेव नगर में 16 जून 2025 को मारपीट का केस दर्ज हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *