मुक्का मारा-नाली में गिराया और घसीटा, फिर भी बैग नहीं छोड़ा; बदमाशों को हराने वाली अनीता का एटा SSP ने किया सम्मान

2.0kViews
1278 Shares

 जैथरा कस्बा में रात का अंधेरा था। पंकज ज्वेलर्स गली का सुनसान रास्ता और एक परेशान हाल महिला को घर पहुंचने की जल्दी। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और महिला के हाथ में पकड़े बैग पर झपट्टा मार दिया।

बदमाशों को लगा कि महिला डर जाएगी और बैग छोड़ देगी, लेकिन महिला साहसिक के साथ बहादुर भी निकलीं। उन्होंने न केवल बदमाशों का मुकाबला किया, बल्कि उनके मंसूबों पर भी पानी फेर दिया। शनिवार को इस ”शेरनी” को एसएसपी ने पुलिस कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया है।

मुक्का मारा, नाली में गिराया, घसीटा फिर भी बैग पकड़े रहीं अनीता

यह घटना कस्बा जैथरा के मुहल्ला बढ़ियान निवासी अनीता चौहान के साथ छह मई की रात 11.15 बजे हुई थी। वह अपने बेटे ऋतिक को आगरा से दवा दिलाकर लौट रहीं थीं। बस स्टैंड से घर की ओर बढ़ रहीं थीं कि तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाश ने बैग खींचना शुरू किया, सफल नहीं हुआ तो महिला के चेहरे पर मुक्का मार दिया।

अनीता नाली में भी गिर गईं थीं

अनीता नाली में गिर गईं, लेकिन बैग नहीं छोड़ा। बदमाश उन्हें सड़क पर घसीटते रहे, फिर भी उन्होंने पकड़ ढीली नहीं की। आखिरकार बदमाश हार मानकर मौके से भाग निकले। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। महिला की बहादुरी की चर्चा पूरे कस्बा में होने लगी।

जागरण ने भी शनिवार के अंक में इस महिला की बहादुरी की पूरी घटना विस्तार से प्रकाशित की। थाना जैथरा, जसरथपुर पुलिस व स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

मिशन शक्ति से मिली हिम्मत

महिला की हिम्मत से प्रभावित होकर एसएसपी डॉ. ईलामारन जी ने शनिवार को अनीता चौहान को पुलिस कार्यालय बुलाया। उन्होंने शाल ओढ़ाकर, प्रतीक चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। अनीता देवी ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान से उन्हें आत्मविश्वास मिला।

एसएसपी ने कहा विपरीत हालात में दिखाया साहस

एसएसपी कहा कि उस समय मन में सिर्फ यही था कि किसी भी कीमत पर बैग नहीं छोड़ना है। उन्होंने कहा यदि मेरे साथ कोई भी एक व्यक्ति और होता या मेरा बेटा ही मेरे साथ होता तो में उस बदमाश को भागने नहीं देती। एसएसपी ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में महिला द्वारा दिखाया गया साहस समाज के लिए प्रेरणादायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *