राजगीर-हावड़ा समर स्पेशल में जल्द जुड़ेंगे AC कोच, यात्रियों को मिलेगी राहत; ट्रेन का टाइम भी चेक करें

 भीषण गर्मी और बढ़ती यात्री भीड़ के बीच रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। हावड़ा-राजगीर समर स्पेशल एक्सप्रेस (03029/03030) का परिचालन 16 मई यानी शनिवार से शुरू होने जा रहा है।

खास बात यह है कि इस ट्रेन में जल्द ही वातानुकूलित (एसी) कोच जोड़ने की तैयारी भी शुरू हो गई है। रेलवे प्रशासन ने इस दिशा में सकारात्मक संकेत दिए हैं।

कब चलेगी Howrah-Rajgir ट्रेन?

इस ट्रेन को जिले के अभयपुर, किऊल एवं लखीसराय स्टेशनों पर स्टॉपेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, हावड़ा जंक्शन से यह विशेष ट्रेन रात्रि 10:50 बजे प्रस्थान करेगी।

गर्मी के मौसम और लंबी दूरी की यात्रा को देखते हुए यात्रियों की ओर से लगातार एसी कोच की मांग उठ रही थी। वर्तमान में ट्रेन में एसी सुविधा नहीं होने से बुजुर्ग, महिला और बीमार यात्रियों को परेशानी की आशंका जताई जा रही थी।

इसी जन सरोकार के मुद्दे को उठाते हुए पीरी बाजार क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने मुख्य यात्री यातायात प्रबंधक रौशन कुमार से दूरभाष पर वार्ता की।

ट्रेन में जुड़ेंगे कोच

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में साधारण कोच में लंबी यात्रा करना यात्रियों के लिए बेहद कठिन साबित होगा। ऐसे में समर स्पेशल ट्रेन में एसी कोच जोड़ा जाना आवश्यक है। आशुतोष कुमार की पहल पर रेलवे प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया।

मुख्य यात्री यातायात प्रबंधक ने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही ट्रेन में एसी कोच जोड़े जाएंगे। साथ ही इस ट्रेन के नियमित परिचालन को लेकर भी रेलवे स्तर पर विचार चल रहा है।

रेलवे के इस आश्वासन के बाद लखीसराय समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि एसी कोच जुड़ने से हावड़ा और राजगीर के बीच सफर अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *