देहरादून के डोईवाला नगर के एक ज्वेलर्स के यहां चोरी की घटना में शामिल छह आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित महाराष्ट्र के अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़े हैं। पुलिस ने चोरी की गई सभी सोने की छह चैन बरामद कर ली हैं।
बता दें कि आठ मई को डोईवाला चौक के समीप स्थित कंचन ज्वेलर्स के यहां खरीदारी के बहाने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाकर कुछ लोगों ने सोने की छह चेन चोरी कर ली थी। शिकायत के बाद तत्काल पुलिस ने टीम गठित कर घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसके बाद मिली जानकारी पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन हर्रावाला के पास से एक महिला समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से चोरी की गई सभी सोने की ज्वेलरी भी बरामद कर लीं। आरोपित रेलवे स्टेशन से महाराष्ट्र जाने की फिराक में थे। परंतु उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
सभी मूल रूप से महाराष्ट्र के निवासी
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वह सभी मूल रूप से महाराष्ट्र के निवासी हैं और टोली बनाकर ज्वेलर्स शाप को चिन्हित करते हैं। फिर एक साथ दुकान में ग्राहक के रूप में जाकर कुछ लोग दुकान स्वामी को मोलभाव करने व अपनी बातों में उलझा लेते हैं। जबकि मौका पाकर अन्य लोग दुकान में रखे कीमती आभूषण चोरी कर लेते हैं।
क्योंकि घटना में शामिल अधिकतर लोग वृद्ध हैं, जिस कारण कोई भी उन पर शक नहीं करता ओर आसानी से उनका भरोसा कर लेते हैं। इसका फायदा उठाकर वह इस तरह की घटना को अंजाम देते हैं और चोरी के बाद अपने मूल निवास महाराष्ट्र को निकल जाते थे।
छह आरोपी गिरफ्तार
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पांडुरंग उम्र 76 वर्ष निवासी करनजारी थाना मार जिला रायगढ़ महाराष्ट्र, वासुदेव नामदेव शिंदे उम्र 57 वर्ष निवासी ग्राम कल्याण नवाली थाना कल्याण जिला थाणे महाराष्ट्र, सतीश नामदेव शिंदे उम्र 39 वर्ष निवासी ग्राम भालगांव कल्याण जिला थाणे महाराष्ट्र, मनीष मनोहर मोरे उम्र 46 वर्ष ग्राम कल्याण जिला थाणे महाराष्ट्र, मंगेश सुर्वे उम्र 34 वर्ष करनजरी थाना मार जिला रायगढ़ महाराष्ट्र के अलावा महिला आरोपित के रूप में विमल उम्र 80 वर्ष निवासी सत्तारा कोरीगांव जिला सत्तारा महाराष्ट्र के रूप में हुई है।


