गोरखपुर सिक्सलेन सड़क बनी जानलेवा, गड्ढों से रोज हो रहे हादसे

लेटलतीफी का शिकार नौसढ़ से पैडलेगंज सिक्सलेन सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे अब जानलेवा होते जा रहे हैं। ट्रांसपोर्टनगर, महेवा, रुस्तमपुर, देवरिया बाईपास में सड़क में बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण रोजाना हादसे हो रहे हैं। आसपास के दुकानदारों का आरोप है कि फ्लाईओवर निर्माण के चक्कर में इस सड़क की अनदेखी की जा रही है। इसका खामियाजा राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।

वर्ष 2021 में सिक्सलेन सड़क का निर्माण शुरू कराया गया था। निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद सड़क के दोनों तरफ नालों की स्थापना की स्वीकृति दी गई। मुख्य अभियंता राकेश वर्मा से इस संबंध में पक्ष जानने के लिए उनके माेबाइल फोन नंबर – 9454275527 पर वाट्सएप किया गया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

सड़क के किनारे नहीं बनाया सुरक्षा घेरा

ट्रांसपोर्टनगर से लखनऊ व वाराणसी की तरफ जाने वाले वाहन चालक सड़क के बीच डिवाइडर के लिए खोदे गए गड्डों के किनारे सुरक्षा घेरा न बनाए जाने से परेशान हैं। रविवार दोपहर ट्रांसपोर्टनगर में जाम लगने के बाद आगे निकलने की होड़ में कई वाहन गड्ढे में जाने से बचे। एक चार पहिया वाहन चालक कार लेकर अंदर पहुंच गया। हालांकि कुछ लोगों की सहायता से उसे बाहर कर दिया गया।

ऊपर से गिर रहे गिट्टी के टुकड़े

सिक्लेन सड़क के ऊपर सिक्सलेन फ्लाईओवर है। यहां पेंटिंग कार्य के कारण घिसाई चल रही है। मशीन से घिसाई होने पर गिट्टी के टुकड़े सीधे सड़क में गिर रहा हैं। इस करण हादसे की आशंका बनी हुई है। रविवार दोपहर रुस्तमपुर से पैडलेगंज के बीच में गिट्टी गिरने से सबसे खराब हाल बिना हेलमेट लगाए चलने वाले बाइक सवारों का हो गया था।
देवरिया बाईपास पर ज्यादा दिक्कत

देवरिया बाईपास पर फोरलेन ओवरब्रिज के निर्माण में देर हाे रही है। इस कारण बड़े वाहनों को भी संकरी जगह से गुजरना पड़ रहा है। सड़क में गड्ढे और कई जगह पर सड़क में कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े जम गए हैं। इस कारण वाहन उछल जा रहे हैं। इससे भी हादसे की आशंका बनी हुई है।

फैक्ट फाइल

  • सड़क की लंबाई- 5.10 किलोमीटर
  • निर्माण पर खर्च – 297.29 करोड़
  • कार्य शुरू होने की तिथि – 06-04-2021
  • कार्य समाप्ति की निर्धारित तिथि – 31-03-2025

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *