दिल्ली-NCR में दहशत फैलाने निकले थे ‘गैंगलैंड’ के बदमाश, सरगना समेत 3 गिरफ्तार; रोहित गोदारा के थे पिट्ठू

1456 Shares

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नवगठित मथुरा आधारित ‘गैंगलैंड’ गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें गैंग का सरगना कन्हा सिंह जदौन उर्फ कन्हा ठाकुर भी शामिल है। बताया जा रहा है कि ये सभी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोडारा गैंग के लिए काम करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन पिस्तौलें, ग्यारह जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है।

निकले थे जबरन वसूली करने

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी जबरन वसूली के लिए निशाना बनाने और फायरिंग करने से ठीक पहले की गई। स्पेशल सेल की एसडब्ल्यूआर टीम ने इंस्पेक्टर मनेंद्र सिंह के नेतृत्व और एसीपी पुरन चंद्र पंत की देखरेख में यह कार्रवाई की। टीम को सूचना मिली थी कि गैंगलैंड गैंग के सदस्य दिल्ली-एनसीआर में दफ्तरों या वाहनों पर फायरिंग कर आतंकित करने और जबरन वसूली करने के लिए निशाने की तलाश में हैं।

सोशल मीडिया पर दिखाते थे बदमाशी

सूचना के आधार पर द्वारका क्षेत्र में जाल बिछाया गया। 29-30 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि को स्कॉर्पियो कार में घूम रहे तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 26 वर्षीय कन्हा सिंह जदौन उर्फ कन्हा ठाकुर (जयपुर), 24 वर्षीय सूरज (भरतपुर) और 30 वर्षीय वल्लभ आचार्य (भरतपुर) शामिल हैं। कन्हा ठाकुर ने मथुरा के भूषण के साथ मिलकर यह गैंग बनाया था और सोशल मीडिया पर अपनी गतिविधियों का प्रदर्शन करता था।

गैंग के अन्य साथियों की तलाश तेज

बाद में गैंग ने रोहित गोडारा को सिरमौर बना लिया। कन्हा पर 2023 में जयपुर में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का भी आरोप है। बरामदगी में एक 30 बोर ऑटोमैटिक पिस्तौल (पांच कारतूस), दो सिंगल शॉट पिस्तौलें और स्कॉर्पियो कार शामिल हैं।

थाना स्पेशल सेल में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से दिल्ली-एनसीआर में जबरन वसूली और फायरिंग की कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने से रोक लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *