हिमाचल के मलाणा में दिल्ली का पर्यटक लापता, दोस्तों से सामान लेने की बात कहकर निकला था कैफे से; फिर नहीं लौटा

हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में मलाणा स्थित वेचिंग वैली में घूमने आया दिल्ली का एक पर्यटक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। लापता युवक की पहचान 24 वर्षीय मोहित चौधरी पुत्र कमल सिंह निवासी 1/193/8 सदर बाजार, दिल्ली कैंट के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना मणिकर्ण की टीम युवक की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मोहित चौधरी सात मई को अपने दोस्तों के साथ मलाणा क्षेत्र में घूमने आया था।

बताया जा रहा है कि 10 मई को सभी युवक वेचिंग वैली स्थित रिवर प्वाइंट कैफे में ठहरे हुए थे। इसी दौरान मोहित अपने साथियों से सामान लेने की बात कहकर वहां से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

अपने स्तर पर ढूंढने के बाद पुलिस के पास पहुंचे दोस्त

साथ आए दोस्तों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। साथियों ने जब मोहित के मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल भी बंद मिला। इसके बाद मामले की सूचना मणिकर्ण पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में तलाश अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

स्थानीय लोगों और आसपास के कैफे संचालकों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश के लिए संभावित क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पार्वती घाटी में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की आवाजाही के बीच इस घटना ने चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस ने पर्यटकों से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने साथियों से संपर्क बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

क्या कहते हैं एसपी कुल्लू

पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने पर्यटकों से अपील की कि बिना गाइड, बिना पंजीकरण के घूमने न जाएं। पुलिस लापता पर्यटक को घूमने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *