सोनीपत नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी कमल दिवान को हराकर भाजपा के राजीव जैन ने दूसरी बार मेयर पद पर कब्जा किया। उन्होंने 23,247 वोटों के अंतर से करारी शिकस्त दी।
राजीव जैन को 78,033 और कमल दिवान को 54,786 वोट मिले। पिछले साल उपचुनाव में राजीव जैन ने कमल दिवान को करीब 35 हजार वोटों से हराया था।
वहीं मेयर का चुनाव लड़ रहे अन्य सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। 22 वार्डों में पार्षद के चुनाव में भाजपा को 17 तो कांग्रेस को पांच वार्डों में जीत हासिल हुई। सबसे रोचक मुकाबला वार्ड 16 में कांग्रेस के अनुराग जैन और भाजपा के नवीन मंगला के बीच हुआ।
कांग्रेस के अनुराग जैन ने नवीन मंगला को 30 वोटों से हरा दिया। नवीन मंगला ने दोबारा मतगणना का आग्रह किया, लेकिन मतगणना में फिर से अनुराग जैन 30 वोट से जीते। वार्ड आठ में भाजपा व कांग्रेस के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियोंं ने चुनौती पेश की। वहां पर भाजपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की। इस वार्ड के परिणाम पर सभी की नजर थी।
12 बजे तक जारी हो चुका था परिणाम
दोपहर 12 बजे तक मेयर व पार्षद प्रत्याशियों का परिणाम जारी किया जा चुका था। जीत की सूचना मिलने के बाद प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, विधायक निखिल मदान कार्यकर्ताओं के साथ काउंटिंग सेंटर में पहुंचे और जश्न मनाया।
इसके बाद जीते हुए प्रत्याशियों ने मेयर राजीव जैन के साथ विजयी जुलूस निकाला। गोहाना बाईपास से पुरखास अड्डे तक विजय जूलुस निकाला। रास्ते में राजीव जैन का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। जीत की सूचना मिलने के बाद प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने गोहाना की जलेबी से कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया।
सुबह आठ बजे माेहाना स्थित बिट्स कालेज में मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। शुरुआत से ही भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने बढ़त बना ली थी। 12वें राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी कमल दिवान की राजीव जैन से 14 वोट अधिक निकले, इसे छोड़कर किसी भी राउंड में कमल बढ़त नहीं बना सके।
वहीं पार्षद प्रत्याशियों के सबसे पहले राउंड में कांग्रेस के जयकुवार खत्री ने कांग्रेस का खाता खोला लेकिन इसके बाद लगातार भाजपा के पार्षद जीतते रहे। जैसे ही पार्षद जीतकर कालेज से बाहर जाते, वैसे ही ढोल की थाप पर कार्यकर्ता उन्हें कंधों पर उठाकर जमकर जश्न मनाते।
दिनभर जश्न का सिलसिला जारी रहा। दोपहर 12 बजे राजीव जैन को 23,247 वोटों से विजेता घोषित होने के बाद कार्यकर्ताओं में जोश का अधिक संचार हो गया। सूचना पर पहले विधायक निखिल मदान, इसके बाद प्रदेशाध्धक्ष बड़ौली व जिलाध्यक्ष बिट्स मोहाना पहुंचे।
बड़ौली ने गोहाना की जलेबियों से कराया मुंह मीठा
राजीव जैन वे भाजपा पार्षदों की जीत की सूचना मिलते ही प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने अपने सेक्टर-14 स्थित आफिस में गोहाना की जलेबियाें से कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया। वहीं कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा के गोहाना स्थित कार्यालय में कार्यकर्ताओं लड्डू बांटकर खुशी मनाई। वहीं विधायक कृष्णा गहलावत ने वार्ड आठ से जीते कुनाल कौशिक को बधाई दी। कुनाल कौशिक की जीत पर राई में आतिशबाजी भी की गई।
नवनिर्वाचित मेयर जैन ने सादगी से निकाला विजयी जुलूस, पुष्पावर्षा से हुआ स्वागतन
वनिर्वाचित मेयर राजीव जैन ने जीत के बाद कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया। जैसे ही राजीव जैन मतगणना केंद्र से बाहर आए। बाहर इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं ने उनको कंधों पर उठाकर नारे लगाए। इसके बाद राजीव जैन ने नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ विजय जुलूस निकाला। विजयी जुलूस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत की अपील का पूरा असर दिखा। राजीव जैन सादगी के साथ गाड़ी में सवार होकर निकले।
विजय जुलूस में गाड़ियों का काफिला भले न दिखा हो लेकिन उनके साथ कार्यकर्ताओं की पूरी भीड़ डटी रही। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, विधायक निखिल मदान, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, राजकुमार कटारिया, दिव्यांक जैन सहित भाजपा के विजयी पार्षद प्रत्याशी, कार्यकर्ता व शहरवासी मौजूद रहें।
मतगणना केंद्र से निकलकर राजीव जैन पहले गोहाना रोड बाईपास पहुंचे, जहां से विजयी जुलूस पुरखास अड्डा स्थित उनके कार्यालय तक पहुंचा। इस दौरान लोगों ने पुष्पवर्षा एवं पगड़ी पहनाकर जगह-जगह पर उनका स्वागत किया। इस दौरान राजीव जैन ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सुशासन, पारदर्शिता और विकास की नीतियों पर मुहर लगाई है।
जैन ने कहा कि जो संकल्प पत्र चुनाव में जनता के सामने रखा गया है, उन्हें पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जैन ने कहा कि पहले उनका कार्यकाल महज नौ माह का था। जनता ने विश्वास जता कर अब उनको पूरे पांच साल दिए है। अब वह योजनाबद्ध तरीके से शहर में विकास कार्य कर पाएंगे। वह दिन दूर नहीं होगा जब स्वच्छता और सुंदरता के मामले हमारा सोनीपत सबसे आगे होगा।
भाजपा की जीत जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत : बड़ौली
हरियाणा निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने प्रदेश की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और विजयी प्रत्याशियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत विकास, सुशासन और संगठन की मजबूती की जीत है।
बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए जनहितकारी कार्यों, पारदर्शी प्रशासन और गरीब कल्याण की नीतियों पर जनता ने पूर्ण विश्वास जताया है। निकाय चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हरियाणा की जनता विकास और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक अथक मेहनत करते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। पार्टी की यह जीत हर कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।


