गोरक्षनगरी के सामाजिक-आर्थिक बदलाव का नया वाहक बनेगा क्रिकेट स्टेडियम, विकास को मिलेगी गति

गोरखपुर-वाराणसी मार्ग पर ताल नदौर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सिर्फ एक खेल परिसर नहीं, बल्कि पूरे दक्षिणांचल के विकास का आधार बनने जा रहा है। 16 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसके शिलान्यास के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना को औपचारिक रूप देंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित भी करेंगे। इसके साथ ही शहर की भौगोलिक सीमा कौड़ीराम तक विस्तार की ओर बढ़ेगी और अब तक अपेक्षाकृत पिछड़ा माना जाने वाला यह समूचा क्षेत्र तेज विकास की राह पर अग्रसर होगा। यह स्टेडियम विकास की राह पर तेजी से दौड़ रही गोरक्षनगरी के लिए सामाजिक-आर्थिक बदलाव का नया वाहक बनेगा।

प्रदेश सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इस परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य को गति मिली है। 392.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस स्टेडियम के लिए 63.39 करोड़ रुपये की पहली किश्त पहले ही जारी की जा चुकी है।

लोक निर्माण विभाग(लोनिवि) को कार्यदायी संस्था बनाया गया है और साइट पर मिट्टी भराई व समतलीकरण का काम शुरू हो चुका है। डीएम दीपक मीणा ने बुधवार को नगर आयुक्त अजय जैन और जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल सहित लोनिवि के अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर कार्य की प्रगति जांची। डीएम के मुताबिक 40 से 50 प्रतिशत तक मिट्टी भराई का कार्य पूरा हो चुका है। लक्ष्य है कि दिसंबर 2027 तक यह परियोजना पूरी कर ली जाए।

करीब 50 एकड़ में विकसित होने वाला यह स्टेडियम आधुनिक खेल अवसंरचना का उत्कृष्ट उदाहरण होगा। मुख्य परिसर 45 एकड़ में फैलेगा, जबकि 5 एकड़ क्षेत्र में सहायक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। 30 हजार दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में सात मुख्य और चार प्रैक्टिस पिच तैयार की जाएंगी। यह आईसीसी मानकों के अनुरूप होगा, जहां अंतरराष्ट्रीय मैचों के साथ बड़े सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे।

इस परियोजना का सबसे बड़ा प्रभाव क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। स्टेडियम के निर्माण और संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। होटल, रेस्टोरेंट, ट्रांसपोर्ट और छोटे कारोबार को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी के चलते आसपास के गांव और कस्बे शहरी विकास की मुख्यधारा में शामिल होंगे। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से इसकी कनेक्टिविटी इसे और महत्वपूर्ण बनाती है।

ईपीसी मोड पर तैयार हो रहे इस स्टेडियम में आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया जा रहा है। ईस्ट और वेस्ट स्टैंड में लगभग 29 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी, जबकि नार्थ और साउथ पवेलियन में वीआईपी, मीडिया और खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक व्यवस्थाएं होंगी। 1500 वाहनों की पार्किंग, कॉर्पोरेट बाक्स, प्रेसिडेंशियल सुइट, मीडिया लाउंज और ब्राडकास्टिंग सुविधाएं इसे विश्वस्तरीय पहचान देंगी।

तकनीकी दृष्टि से भी यह स्टेडियम हाईटेक होगा। 60 मीटर ऊंचे हाई मास्ट लाइटिंग पोल, एचडीटीवी ब्राडकास्टिंग सिस्टम, सोलर पैनल और ऊर्जा दक्ष एचवीएसी सिस्टम इसे पर्यावरण के अनुकूल बनाएंगे। साथ ही अंडरग्राउंड वाटर टैंक, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम जैसी सुविधाएं इसे स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर का उदाहरण बनाएंगी।

15 को प्रबुद्धजन सम्मेलन और 17 को जिला प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होंगे सीएम
मुख्यमंत्री गोरखपुर प्रवास के दौरान भाजपा के दो बड़े कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। वह 15 को दोपहर बाद आयोजित होने वाले प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल होने के साथ ही सहजनवा के तेनुआ स्थित एक रिसार्ट में 17 को शुरू हो रहे भाजपा के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का उद्धाटन करेंगे। जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी व प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी ने रिसार्ट में बैठक कर समीक्षा की।

इस कार्यक्रम में विधायकों के साथ ही 300 से अधिक पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए पूर्व मंत्री डा. सतीश द्विवेदी को प्रभारी और सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला को व्यवस्था प्रमुख बनाया गया है। बैठक के दौरान 16 मई को तालनदौर में मुख्यमंत्री के आगमन पर जोरदार स्वागत को लेकर भी चर्चा हुई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *