मनियर क्षेत्र के गंगापुर गांव में मंगलवार को पुराने तालाब की खोदाई के दौरान संदिग्ध मोर्टार मिलने से इलाके में खलबली मच गई।
मोर्टार पर बने चांद-सितारे का निशान और प्रतीकों के आधार पर मामला संदिग्ध हो गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वस्तु को सुरक्षित कर लिया है और जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
यह है पूरा मामला
घटना मंगलवार पूर्वाह्न करीब तीन बजे की है। गांव में ईंट भट्ठे के लिए तालाब का पानी निकालकर जमीन समतल करने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुछ बच्चे मछली पकड़ने के उद्देश्य से तालाब में उतरे, जहां उन्हें एक पुराना मोर्टार मिला।
अनभिज्ञ बच्चे उसे कबाड़ समझकर बेचने की नीयत से ग्राइंडर से काटने का प्रयास करने लगे, तभी आसपास मौजूद युवकों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने बच्चों को तुरंत रोक दिया। मोर्टार पर ‘ODR 11.06’, ‘सर्कल में 204A’ और ‘51 MM M ILLG’ जैसे चिह्न अंकित मिले हैं।
इसके साथ ही उस पर चांद-सितारे का निशान भी देखा गया। इस कारण गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार, तालाब वर्षों पुराना है और उसमें पानी भरा रहता था, ऐसे में यह मोर्टार वहां कैसे पहुंचा, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।
फिलहाल, मोर्टार को सुरक्षित स्थान पर रखकर निगरानी की जा रही है। टीम के मुताबिक यह मोर्टार कहां से आया और कितना पुराना है इसकी जांच की जा रही है।


