यूपी बोर्ड वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिट परीक्षा का परिणाम 23 अप्रैल को घोषित करने के बाद अब इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन लेने की तैयारी में है। इंप्रूवमेंट परीक्षा अभी केवल हाईस्कूल स्तर पर है, लेकिन यूपी बोर्ड इसे इंटरमीडिएट स्तर पर भी लागू करने की तैयारी में है।
इसके लिए प्रस्ताव शिक्षा निदेशक के माध्यम से शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही इसे इस वर्ष से लागू किए जाने की योजना है। इस तरह हाईस्कूल के साथ-साथ इंटरमीडिएट के अर्ह परीक्षार्थी भी आवेदन कर अंक वृद्धि व उत्तीर्ण होने का अवसर पा सकेंगे।
वर्तमान व्यवस्था के अनुसार केवल हाईस्कूल की परीक्षा में एक विषय में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी ही आवेदन कर संबंधित विषय की इंप्रूवमेंट परीक्षा में सम्मलित हो सकते हैं। इसके अलावा कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए अनुत्तीर्ण दो विषयों में से किसी एक में आवेदन कर सम्मलित हो सकते हैं।
इसी आधार पर यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने इंटरमीडिएट परीक्षा में भी इंप्रूवमेंट परीक्षा का अवसर देने के लिए प्रस्ताव भेजा है। इसके अलावा कंपार्टमेंट परीक्षा में सम्मिलित होने का प्रविधान पहले से है।
बोर्ड को इंटरमीडिएट की इंप्रूवमेंट परीक्षा के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की प्रतीक्षा है। इसी कारण अभी इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा के आयोजन की समयसारिणी जारी नहीं की गई है।


