छपरा शहर के नारायण नगर, नेवाजी टोला निवासी आकाश कुमार ने बीपीएससी मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) परीक्षा 2025 में पूरे बिहार में 9वां स्थान हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है।
वे सारण जिले से चयनित होने वाले एकमात्र अभ्यर्थी बने हैं। आकाश का पैतृक गांव गड़खा प्रखंड का महमदपुर है।
उनकी सफलता के बाद परिवार और इलाके में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बता रहे हैं।
पिता झारखंड पुलिस में SI, बहन बिहार पुलिस में दारोगा
आकाश के पिता दिनेश्वर राय झारखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी माता उषा देवी गृहिणी हैं।
आकाश के दादा स्वर्गीय सकल राय थे। परिवार में पहले से ही सेवा और अनुशासन का माहौल रहा है।
उनके बड़े भाई रणधीर कुमार सिविल कोर्ट छपरा में यूडीसी हैं, जबकि बहन प्रियंका कुमारी बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं।
छपरा से पटना तक की पढ़ाई, मेहनत से मिली सफलता
आकाश ने अपनी शुरुआती पढ़ाई छपरा के ए.एन.डी पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने पटना में रहकर आगे की शिक्षा हासिल की।
उन्होंने बताया कि लगातार मेहनत और परिवार के सहयोग से यह मुकाम हासिल हुआ है।
आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों, भाई और बहन को दिया।
उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और अनुशासन किसी भी लक्ष्य तक पहुंचा सकता है।
अब प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना
एमवीआई परीक्षा में सफलता के बाद भी आकाश का लक्ष्य और बड़ा है।
उन्होंने हाल ही में 70वीं बीपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा भी दी है।
आकाश का सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और राज्य के लिए काम करना है।
उनकी उपलब्धि से जिले के प्रतियोगी छात्रों में भी नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
परिवार को उम्मीद है कि आकाश आगे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।


