इमामगंज-कोठी-सलैया सड़क होगी चौड़ी, बिहार-झारखंड का सफर होगा आसान; 50 हजार लोगों को सीधा लाभ

6.5kViews
2000 Shares

 गया जिले के इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में इमामगंज से कोठी-सलैया होते हुए झारखंड सीमा तक जाने वाली मुख्य सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। करीब 20 साल से यह सिंगल लेन था।

इस कारण इस सड़क पर आवागमन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। काम शुरू होने से पूरे प्रखंड क्षेत्र में खुशी की लहर है।

प्रगति यात्रा में मिली थी सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान 13 फरवरी 2026 को इमामगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए इस सड़क के चौड़ीकरण की घोषणा की थी।

लोगों की यह दशकों पुरानी मांग थी। घोषणा के बाद से लोग निर्माण कार्य का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। मशीनें साइट पर पहुंचने और काम लगने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

यह एक प्रखंड की सड़क नहीं है, बल्कि बिहार-झारखंड को जोड़ने वाली लाइफलाइन है। इमामगंज से निकलकर यह सड़क कोठी, सलैया होते हुए सीधे झारखंड के डाल्टनगंज और मनातू तक जाती है। व्यापारी, छात्र और मरीज इसी रास्ते से झारखंड आते-जाते हैं।

सिंगल लेन होने के कारण यहां रोज जाम लगता था। बड़े वाहन घंटों खड़ रहते थे। ओवरटेक के चक्कर में अक्सर दुर्घटनाएं हो जाती थीं। बरसात के दिनों में सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से कई वाहन पलट चुके हैं।

50 हजार की आबादी को सीधा लाभ

इस सड़क के चौड़ीकरण से कोठी और सलैया थाना क्षेत्र की पूरी आबादी को फायदा होगा। इसके अलावा लावाबार, विकोपूर, मंझोली, बिराज और सलैया पंचायत के करीब 30 राजस्व गांवों के 50 हजार से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।

इन गांवों के किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में आसानी होगी। छात्रों को इमामगंज और गया पढ़ने जाने में समय बचेगा। मरीजों को इमामगंज रेफर होने पर कम समय लगेगा।

अब विकास दिखेगा

सलैया निवासी डॉ. कृष्णा प्रसाद कहते हैं कि 20 साल से हम सिर्फ वादे सुन रहे थे। नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा में कहा और काम शुरू हो गया। यह हमारे लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। अब लगता है कि इलाका विकसित होगा।

वहीं, ग्रामीण बद्री नारायण प्रसाद ने बताया सड़क खराब होने से व्यापार ठप था। बाहर के व्यापारी यहां आने से कतराते थे। अब सड़क चौड़ी होगी तो व्यापार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

18 माह का लक्ष्य और जमीन अधिग्रहण एक अड़चन

निर्माण कार्य कर रहे संवेदक सीताराम यादव ने बताया कि सरकार ने सड़क निर्माण के लिए 18 महीने का लक्ष्य दिया है। काम तेजी से चल रहा है। हालांकि कुछ जगहों पर जमीन अधिग्रहण का मामला आ रहा है। उन्होंने कहा कुछ रैयत जमीन देने में आनाकानी कर रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इसे जल्द सुलझा लिया जाएगा। हमारा प्रयास है कि तय समय में गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाकर जनता को समर्पित करें।

फिलहाल, सड़क की मिट्टी भराई और चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। उम्मीद है कि अगले डेढ़ साल में इमामगंज के लोगों को जर्जर सड़क से मुक्ति मिल जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *