ओडिशा कैडर के 2009 बैच के IPS अधिकारी चरण सिंह मीणा इन दिनों सुर्खियों में हैं। डीआइजी प्रोविजनिंग (हेडक्वाटर) के पद पर तैनात मीणा को पश्चिम बंगाल के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रशंसा मिल रही है।
भवानीपुर सीट इस बार बेहद हाई-प्रोफाइल रही, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला था। ऐसे संवेदनशील माहौल में चुनाव के दौरान शांति बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती थी।
कड़ी चुनौती, मजबूत नियंत्रण
स्पेशल ऑब्जर्वर के रूप में तैनात चरण सिंह मीणा ने जिस तरह से पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को नियंत्रित रखा, वह चर्चा का विषय बन गया। चुनाव के दौरान किसी बड़े विवाद या हिंसा की खबर सामने नहीं आई, जिसे प्रशासनिक सफलता माना जा रहा है।
विपक्षी नेता ने भी की तारीफ
खास बात यह है कि भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी मीणा के कामकाज की खुलकर सराहना की है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारी की प्रशंसा करते नजर आ रहे हैं।
जनता और राज्य में गर्व का माहौल
मीणा की इस उपलब्धि पर ओडिशा के लोगों में भी गर्व की भावना देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि उन्होंने न केवल अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन किया, बल्कि राज्य का नाम भी रोशन किया है।
गवर्नर मेडल से सम्मानित अधिकारी
चरण सिंह मीणा पहले भी अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए गवर्नर मेडल से सम्मानित हो चुके हैं। उनकी पेशेवर क्षमता और निष्पक्ष कार्यशैली एक बार फिर इस जिम्मेदारी में देखने को मिली है।
भवानीपुर जैसे संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल क्षेत्र में शांतिपूर्ण चुनाव कराना आसान नहीं था, लेकिन आईपीएस चरण सिंह मीणा ने इसे संभव कर दिखाया। उनकी कार्यशैली अब प्रशासनिक दक्षता की मिसाल बनती नजर आ रही है।


