पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल में छत के रास्ते घर में घुसे चोर, 25 लाख के जेवरात उड़ाए

जिले के पकड़ीदयाल नगर पंचायत के वार्ड संख्या पांच में शुक्रवार देर रात चोरों ने एक स्वर्ण व्यवसायी के घर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। बदमाश करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। यह वारदात ऐसे समय हुई जब 29 मई को व्यवसायी की नई ज्वेलरी दुकान का उद्घाटन होना है।

सीधे जेवरात पर किया हाथ साफ

जानकारी के अनुसार, चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और सीधे उन कमरों तक पहुंचे जहां जेवरात रखे थे। सभी कमरों के ताले तोड़कर उन्होंने कीमती गहनों को समेटा और पीछे की खिड़की से फरार हो गए। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों को घर की पूरी जानकारी पहले से थी।

8 के नए और 15 लाख के पुराने गहने

व्यवसायी रवि कुमार साह ने हाल ही में दुकान के उद्घाटन के लिए करीब आठ लाख रुपये के नए आभूषण मंगाए थे। वहीं उनकी माता के लगभग 15 लाख रुपये के पारंपरिक गहने भी घर में रखे थे। चोरों ने सिर्फ इन्हीं गहनों को निशाना बनाया।

नकदी और इलेक्ट्रॉनिक को नहीं छुआ

हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने घर में मौजूद लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को हाथ तक नहीं लगाया। इससे साफ है कि वारदात पूरी तरह योजनाबद्ध थी और चोर केवल सोने-चांदी के जेवरात के लिए आए थे।

सुबह पता चला वारदात का

पीड़ित रवि कुमार साह ने बताया कि घटना के समय वह घर में अकेले थे। सुबह नींद खुलने पर देखा कि घर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही डीएसपी कुमार चंदन और थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

जल्द खुलासा का दावा

डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *